बिस्कोहर। विद्युत उपकेंद्र कठौतिया रामनाथ से संचालित बिस्कोहर, सोहना और जिगना फीडर क्षेत्र में लो वोल्टेज और रात में बिजली कटौती से उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। भीषण गर्मी के बीच पंखे ठीक से नहीं चल पा रहे हैं। वहीं, घरों में पानी की मोटर न चलने से पीने के पानी की किल्लत हो गई है। इससे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक दिक्कत उठानी पड़ रही है।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि कई दिन से लगातार बिजली की आंख-मिचौली जारी है। मंगलवार रात 6:50 बजे रोस्टरिंग के तहत दो घंटे की कटौती की गई। रात नौ बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई, लेकिन साढ़े दस बजे तक बार-बार ट्रिप होने की वजह से बिजली आती-जाती रही। इसके बाद रात 10:50 बजे फिर दो घंटे के लिए आपूर्ति बंद कर दी गई, जो रात 12:50 बजे बहाल हुई। वहीं, रात पौने तीन बजे दोबारा कटौती कर दी गई और करीब साढ़े बजे आपूर्ति बहाल हुई। उपभोक्ता सुधीर त्रिपाठी, प्रभात जायसवाल, मोना पांडेय, आस्था जायसवाल, अखिलेश उपाध्याय, अतुल कौशल, संजय गुप्ता, सोनू पांडेय समेत अन्य लोगों ने जल्द समस्या के समाधान की मांग की है।
जेई सिद्धार्थ शंकर गुप्ता ने बताया कि बढ़ती गर्मी के कारण लोड अधिक हो रहा है, जिससे इमरजेंसी कटौती हो रही है। समस्या से उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। जल्द समाधान का प्रयास किया जा रहा है।