बर्ड फ्लू की आशंका से सहमे लोग
पोस्मार्टम रिपोर्ट में करंट लगने से मौत की बात आई सामने
जिला स्टेडियम में उल्लू के मरने के बाद मचा हड़कंप
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। बर्ड फ्लू के बढ़ते खतरे से लोगों में डर है। इसी बीच शनिवार सुबह जिला स्टेडियम में एक मृत हाल में उल्लू पाया गया। देखते ही देखते लोगों की भीड़ एकत्र हो गई और बर्ड फ्लू से मौत की लोग आशंका व्यक्त करने लगे। जानकारी के बाद वन विभाग की टीम ने उसे कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में करंट से मौत की पुष्टि हुई है।
जिला स्टेडियम गेट पर सुबह एक उल्लू मृत हाल में पड़ा मिला। कई राज्यों में बर्ड फ्लू के बढ़ते हुए प्रकोप को देखकर लोग डर गए। लोगों ने आशंका व्यक्त की कि उल्लू की मौत बर्ड फ्लू से हुई है। इसके बाद मामले की जानकारी वन विभाग को देने के साथ ही पशु चिकित्सकों को दी। उल्लू के मरने की सूचना पर डीएफओ आकाश दीप वधावन के निर्देश पर मौके पर वन विभाग के फारेस्टर निखिल कुमार श्रीवास्तव, देवेश कुमार मिश्र, गनर मोहम्मद वारिस ने मृत उल्लू को कब्जे में लेकर पशु चिकित्सालय नौगढ़ में पोस्टमार्टम व विधिक कार्रवाई कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पशु चिकित्सक अरुण कुमार प्रजापति ने बताया कि उल्लू की मौत करंट की चपेट में आने से हुई है।
डीएफओ आकाश दीप वधावन ने लोगों से अपील की कि इससे किसी को डरने की जरूरत नहीं है। बांसी कस्बे के माधव पार्क के पास मृत पड़े कौआ के अंदर बर्ड फ्लू के कोई लक्षण नहीं मिले हैं। बर्ड फ्लू होने पर एक से अधिक संख्या में पक्षी तड़प -तड़प कर मरते हैं। उनके मुंह से झाग आता है और नाक से खून आता है। फिर भी इसको लेकर सावधानी बरतने की जरूरत है। अगर अचानक कई संख्या में पक्षियों के मरने की जानकारी मिले तो उसे छूऐ नहीं। उसकी सूचना वन विभाग के कंट्रोल रूम नंबर 05544-297105 पर व पशु चिकित्सा विभाग को देकर आवश्यक सहयोग प्राप्त कर सकते हैं। बर्ड फ्लू से सावधानी और बचाव के साथ-साथ अफवाहों से दूर रहें।
‘अगर पक्षी मरें तो पशु पालन विभाग को तत्काल सूचना दें’
सिद्धार्थनगर। बर्ड फ्लू को बढ़ते खतरे को देखते हुए पशु पालन विभाग अलर्ट हो गया है। संक्रमण का प्रभाव न होने इसके लिए मुर्गी, बत्तख सहित अन्य पक्षियों पर विभाग की नजर है। खतरे के मद्देनजर लोगों को आगाह किया गया है कि अगर कहीं पक्षी की मौत होती है तो पशु पालन विभाग को तत्काल जानकारी दें जिससे उसकी मौत के कारण को जाना जा सके। पक्षियों में बर्ड फ्लू से समूह में पक्षियों के मरने के मामले में सामने आ रहे हैं। पक्षियों में संक्रमण के फैलाव को देखते हुए शासन ने अलर्ट जारी कर दिया। शासन के निर्देश के बाद स्थानीय स्तर पर पशु पालन विभाग ने मानीटरिंग शुरू कर दी है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बीमारी को देखते हुए संबंधित विभागीय जिम्मेदारों को निर्देश दिया है कि क्षेत्र को भ्रमण करके जायजा लेते रहें। संक्रमण के बारे में लोगों को जानकारी देने के साथ यह बताया जाए कि अगर समूह में पक्षी मरते हैं तो तत्काल विभागीय कार्यालय में जानकारी दें ताकि समय पर पोसस्टमार्टम के साथ ही उनकी जांच हो सके और पता चल सके कि कहीं संक्रमित तो नहीं है। अगर संक्रमित मिले तो आगे बचाव से जुड़ा कार्य किया जा सके। साथ ही स्वच्छता संबंधित कार्य का निर्देश दिया है। सीवीओ ज्ञान प्रकाश ने बताया कि बर्ड फ्लू के खतरे के मद्देनजर विभागीय टीम अलर्ट है। टीम लगातार भ्रमण करके कार्य कर रही है।