जर्जर पड़ा उसका क्षेत्र के सियारा पार से छितरापार मार्ग। संवाद
शोहरतगढ़। तहसील क्षेत्र में कई प्रमुख संपर्क मार्ग बदहाल स्थिति में पहुंच गए हैं। जगह-जगह गड्ढों और टूटी सड़कों के कारण राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं आए दिन लोग गिरकर चोटिल भी हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
खुनुवां मार्ग पर स्थित बगहवा चौराहे से चेतरा जाने वाला रास्ता पूरी तरह जर्जर हो चुका है। सड़क पर गड्ढों की भरमार है, जिससे राहगीरों को चलना मुश्किल हो गया है। क्षेत्र के फेकू, मुस्तफा, मोहम्मद रफीक और शहजाद ने कई बार मरम्मत की मांग की, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है।
इसी तरह संतोरी बानगंगा कैनाल नहर से जगरगठिया होते हुए देवकलीगंज जाने वाला मार्ग भी गड्ढों में तब्दील हो गया है। राहगीरों को हिचकोले खाते हुए सफर करना पड़ता है। अभिमन, सोनू, गोलू, सिद्धार्थ, गोविंद और राकेश ने बताया कि सड़क इतनी खराब है कि स्कूली बच्चे और ग्रामीण अक्सर गिरकर घायल हो जाते हैं। मेढ़वा से मकरौड़ गांव जाने वाला मार्ग भी खस्ताहाल है। बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आवागमन जोखिम भरा हो गया है। इस मार्ग से बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे शोहरतगढ़ आते-जाते हैं, जिन्हें रोजाना परेशानी उठानी पड़ती है।
वहीं, मड़वा से नीबी सुराहा गांव तक लगभग दो किमी लंबी सड़क भी पूरी तरह टूट चुकी है। गड्ढों से भरी इस सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है। क्षेत्र के शंकर, राजनेत और हवलदारी ने बताया कि कई बार विभाग और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक मरम्मत नहीं कराई गई। स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द सभी जर्जर सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि आवागमन सुगम और सुरक्षित हो सके।