- बकाया मानदेय सहित अन्य मांगों को लेकर विरोध, मिठवल ब्लॉक क्षेत्र के रोजगार सेवकों ने सौंपा ज्ञापन
मिठवल/पथरा। ग्राम रोजगार सेवक पंचायत मित्र वेलफेयर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के प्रांतीय आह्वान पर मिठवल विकास खंड मिठवल के ग्राम रोजगार सेवक अपनी विभिन्न मांगों को लेकर दो जून से कलमबंद हड़ताल पर रहेंगे। इसको लेकर सोमवार को ब्लॉक पर पहुंचकर ग्राम रोजगार सेवको ने ब्लाॅक उपाध्यक्ष आसिफ अली और ब्लाॅक महामंत्री धर्मेंद्र मिश्र के नेतृत्व में रोजगार सेवकों ने अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी अमित कुमार को नौ सूत्रीय मांगपत्र सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से ग्राम रोजगार सेवकों ने एक वर्ष से बकाया मानदेय के भुगतान, मानदेय वृद्धि, ग्राम रोजगार सेवकों के जॉब चार्ट में अन्य कार्य जोड़ते हुए उन्हें विभागीय कर्मी घोषित किए जाने की मांग की। इसके अलावा मनरेगा कार्यों की बेहतर मॉनिटरिंग के लिए उच्च गुणवत्ता वाले एंड्रॉयड मोबाइल फोन उपलब्ध कराने, डाटा रिचार्ज की व्यवस्था करने सहित अन्य लंबित मांगों के शीघ्र निस्तारण की मांग भी उठाई। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि मांगों के समाधान तक आंदोलन जारी रहेगा। ग्राम रोजगार सेवकों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
इस अवसर पर आशुतोष कुमार, सूर्यनाथ चौरसिया, नूर मोहम्मद, दिनेश चंद्र चौबे, कृष्ण शंकर चौधरी, कैशराम, सत्यजीत आदि मौजूद रहे।