धान क्रय घोटाला
संदिग्ध खातों में भुगतान पर रोक, एसडीएम को भी नोटिस
फर्जी खतौनी वाले सात किसानों के खाते में हुआ 78.62 लाख का भुगतान
खाद्य आयुक्त कार्यालय में पकड़ी गई डुमरियागंज की हेराफेरी
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। डुमरियागंज में धान खरीद घोटाले में जिला प्रशासन ने सात किसानों के बकाया भुगतान पर रोक लगा दी गई है। फर्जी खतौनी के आधार पर हुई धान खरीद का 78.62 लाख रुपया इन किसानों के खाते में भुगतान भी किया जा चुका है। बाकी 1.05 करोड़ रुपये भी भुगतान किए जाने की तैयारी चल रही थी कि घोटाले का पर्दाफाश हो गया। प्रभारी जिलाधिकारी ने एसडीएम डुमरियागंज को कारण बताओ नोटिस जारी किया जबकि अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने भी एसडीएम से स्पष्टीकरण तलब किया है।
डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के चार धान क्रय केंद्रों पर फर्जी खतौनी पर सैकड़ों क्विंटल धान खरीद धोटाले की जानकारी एसडीएम डुमरियागंज त्रिभुवन को नहीं हो पाई लेकिन आयुक्त खाद्य एवं रसद कार्यालय में इसे पकड़ लिया गया। आयुक्त कार्यालय से 11 जनवरी को पत्र जारी कर जांच कराने का निर्देश दिया गया। इसके बाद एसडीएम त्रिभुवन को पता चला कि उनकी यूजर आईडी हैक कर फर्जी खतौनियों का सत्यापन किया गया। धान खरीद घोटाले पर शुक्रवार को भी कार्रवाई का दौर चला। प्रभारी जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने बताया कि फत्तेपुर तप्पा करही में सात किसानों के धान सत्यापन में गड़बड़ी कर धान खरीद की गई। इन किसानों से 9831 क्विंटल धान खरीदा गया। कुल 1,83,64,308 रुपये का भुगतान किया जाना था। इसमें से 78,62,412 रुपये का भुगतान भी किया जा चुका है। बकाया 1,05,01,896 रुपये का भुगतान रोक दिया गया है। इस मामले में क्रय केंद्र प्रभारियों और राजस्व विभाग के सत्यापनकर्ता अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई किए जाने का आदेश भी आयुक्त खाद्य एवं रसद की ओर से जारी किया गया है। प्रभारी जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने बताया कि एसडीएम डुमरियागंज को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। धान क्रय केंद्र के नोडल अधिकारी, एडीएम सीताराम गुप्ता ने भी एसडीएम डुमरियागंज त्रिभुवन से स्पष्टीकरण तलब किया है।
इन किसानों को किया गया भुगतान
जांच में सामने आया कि डुमरियागंज तहसील के फत्तेपुर तप्पा करही के सात किसानों से 1.836 करोड़ रुपये की धान खरीद की गई। इनमें फर्जी खतौनी का इस्तेमाल किया गया था।
किसान कुल भुगतान बकाया
कृष्णचंद 3026160 1582196 1443964
हरिश्याम 3091540 1326280 1765260
रामकुमार 2372360 1277712 1656916
हरीश मिश्रा 2934628 1277712 1656916
राधेश्याम 1759656 948944 810712
विकास 2340604 1449568 891036
अनिलेश कुमार 2839360 ----------- 2839360