खीरा मंडी और पुरानी बाजार के बीच रास्ते पर फेंका गया कूड़ा।
- फोटो : SIDDHARTHNAGAR
खीरा मंडी से पुरानी बाजार का रास्ता बना डलावघर
डुमरियागंज। नगर पंचायत में सफाई व्यवस्था की हालत किस कदर लचर है इसकी बानगी खीरा मंडी से पुरानी बाजार जाने वाले मार्ग पर देखी जा सकती है। लगातार हो रही बारिश में इस मार्ग पर कूड़ों से निकलने वाली सड़ांध से लोगों का गुजरना मुश्किल हो गया है। जबकि नगर पंचायत प्रशासन हर माह सफाईकर्मियों पर लाखों रुपये खर्च करता है। लेकिन इस मार्ग की यह हालत बनाने में इन्हीं कर्मचारियों का सबसे बड़ा योगदान है।
नगर पंचायत को स्वच्छ और साफ-सुथरा रखने के लिए भले ही हर माह सफाई कर्मचारियों के ऊपर लाखों रुपये खर्च किया जा रहा हो लेकिन सड़क किनारे मौजूद कूड़े को उठाने के बजाए उसे आबादी के बीच लाकर डंप कर दिया जा रहा है। नगर पंचायत के अमित अग्रहरि, इस्माइल शमीम, बबलू, मोतीलाल, राकेश व तूफानी आदि ने बताया कि पुरानी बाजार के लोगों का खीरा मंडी जाने के लिए कब्रिस्तान के बगल जाने वाले मार्ग या तेलियाना मोहल्ले से होकर आने वाला रास्ता प्रमुख है। कब्रिस्तान की बगल वाले रास्ते के सामने सफाई कर्मचारी मनमाने तरीके से नगर का कूड़ा वहां लाकर डंप कर दे रहे हैं। इसकी वजह से आने जाने वाले सहित मोहल्ले के लोगों का जीना दुश्वार हो गया है। ईओ शिव कुमार ने बताया कि उन्हें सड़क पर कूड़ा डंप करने की जानकारी नहीं है। न ही इससे संबंधित कोई शिकायत मिली है। ऐसा है तो कूड़े को तत्काल हटवाया जाएगा।