सिद्धार्थनगर। माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज के नए भवन में व्यवस्था मुकम्मल न होने से मरीजों की परेशानी बढ़ रही है, जबकि कई बार मरीजों को दोनों भवन के चक्कर लगाने में ही ओपीडी ठप हो जाती है।
मेडिकल कॉलेज के नए भवन में आर्थोपेडिक्स, जनरल सर्जरी व जनरल मेडिसिन की ओपीडी में संचालित हो रही है, जबकि इसी विभाग में सबसे अधिक मरीजों का उपचार किया जाता है। ऐसे में मरीजों को डॉक्टर से दिखाने के अलावा मरीजों को पर्चा कटवाने, खून जांच करवाने, एक्स-रे व सीटी स्कैन करवाने के लिए पुराने भवन में जाना पड़ता है। ऐसे में मरीजों का ओपीडी का चक्कर लगाने में ही समय बीत जाता है। मरीजों को असुविधा का भी सामना करना पड़ रहा है।
शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज में मरीज को दिखाने आए सूरज ने बताया कि सुबह नौ बजे मेडिकल कॉलेज में आए हैं। आभा एप से पर्चा कटवाने में 10 मिनट का समय लग गया। डॉक्टर को दिखाने आए तो उन्होंने खून जांच व एक्स-रे जांच लिख दी। उसे करवाने के लिए पुराने भवन में जाना पड़ा। खून जांच व एक्स-रे करवाने में एक बज गया। ऐसे में डॉक्टर को रिपोर्ट नहीं दिखा पाए, जबकि एक ही भवन में सभी व्यवस्थाएं होतीं तो मरीजों को भटकना नहीं पड़ता है। मेडिसिन वार्ड में दवा करवाने आए रघु व दिनेश ने कहा कि दोनों भवन में व्यवस्था होने से मरीजों को पूरे दिन भटकना पड़ता है। ऐसे में मरीजों की सुविधा के लिए व्यवस्था एक ही भवन में होनी चाहिए।