सिद्धार्थनगर। भारत के प्रथम उप प्रधानमंत्री सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस और प्रथम महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि राष्ट्रीय संकल्प दिवस के रूप में मनाई गई। इस दौरान जिले भर में विविध आयोजन हुए। गोष्ठियों के माध्यम से उन्हें को श्रद्धासुमन अर्पित किया गया। उनके व्यक्तित्व-कृतित्व पर चर्चा करते हुए आदर्शों को अपनाकर अखंड भारत के निर्माण पर जोर दिया गया।
जिला एकीकरण समिति की ओर से विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी नरेंद्र शंकर पांडेय ने लोगों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि दोनों विभूतियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता, धर्म निरपेक्षता और लोकतंत्र की भावना बढ़ाने पर बल देकर राष्ट्र को गौरवान्वित किया। उनके सामाजिक और राष्ट्रीय योगदानों के लिए देश उन्हें युगों-युगों तक याद करेगा। राष्ट्रीय एकता व अखंडता को अक्षुण्य बनाने में इनके आदर्श हम सभी के प्रेरणास्रोत हैं।
कार्यक्रम में एडीएम पीके जैन, सीएमओ डॉ. राजेंद्र कपूर, एसडीएम योगानंद पांडेय, सीओ सदर मो. अकमल खान, सीएमएस डॉ.रुचस्मती पांडेय, प्राचार्य प्रो.केपी त्रिपाठी, जिला उप क्रीड़ा अधिकारी फरीदा सिद्दीकी, डॉ. एएस सिद्दीकी, काजी इमाम बांसी अब्दुस्समद, गिरीश चंद्र मिश्र, एनसीसी कैडेट सलोनी उपाध्याय, हरीराम यादव, ओंकार सिंह, रामकेवल, नाजिर सदर दिवाकर त्रिपाठी, सुरेश सिंह, उमाकांत मिश्र, जय शंकर प्रसाद आदि रहे।
जिला संयुक्त चिकित्सालय में नवोन्मेष संस्था के सहयोग से मरीजों को फल वितरित किया गया। कार्यक्रम में नवोन्मेष के अध्यक्ष विजित सिंह, शहीदे आजम भगत सिंह शिक्षा सेवा समिति के हरेंद्र यादव और अमरनाथ यादव आदि रहे। सिद्धार्थ यूनिवर्सिटी सभागार में सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया गया। लौह पुरुष को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।
कुलपति प्रो.रजनीकांत पांडेय ने सरदार पटेल को आजाद भारत का वास्तविक निर्माता बताया। उन्होंने आचार्य नरेंद्र देव, महात्मा गांधी व सरदार पटेल के प्रयासों से मिली आजादी को बनाए रखने के लिए भारतीयों को पल-पल सतर्क रहने की सीख दी। परीक्षा नियंत्रक अखिलेश पाल ने सरदार पटेल को दूरदर्शी व्यक्तित्व का मालिक बताया। राष्ट्रीय एकता और अखंडता स्थापित करने में उनके प्रयासों की सराहना की। छात्र-छात्राओं व उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता कायम रखने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में वाणिज्य संकाय के डॉ.दिनेश प्रसाद सहित छात्र-छात्रा मौजूद रहे। संचालन प्रो.सुरेंद्र मिश्र ने किया।