खुनुवां। नेपाल के कपिलवस्तु जिले में महाराजगंज नगरपालिका-6 स्थित कञ्चनिया नाला पुल पर शनिवार सुबह सड़क हादसा हो गया। लकड़ी लदे ट्रैक्टर को बचाने के प्रयास में धनगढ़ी से काठमांडो जा रही यात्री बस अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से टकरा गई।
इस दौरान बस के आगे चल रही मोटरसाइकिल भी उसकी चपेट में आ गई। इस हादसे में तीन लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल तौलिहवा पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल बस के 17 वर्षीय सहचालक को प्राथमिक उपचार के बाद बुटवल रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब 8:30 बजे हुलाकी सड़क खंड पर हुआ। तौलिहवा से बहादुरगंज की ओर लकड़ी लेकर जा रहे ट्रैक्टर को बचाने के प्रयास में बस पुल की रेलिंग से टकरा गई। बस को कैलाली जिले के लम्कीचुहा नगरपालिका-6 बउनिया निवासी 28 वर्षीय करन चौधरी चला रहे थे। ट्रैक्टर महाराजगंज नगरपालिका-11 शंकरपुर निवासी 28 वर्षीय फहीम मनिहार चला रहे थे।
हादसे में मोटरसाइकिल सवार महाराजगंज नगरपालिका-8 सोनवर्षा निवासी महेंद्र यादव (33) के दाहिने पैर और मुंह में चोट आई जबकि पीछे बैठे प्रवेश यादव (20) के सिर, बाएं हाथ और दाहिने पैर में चोट लगी। दोनों की हालत सामान्य है। वहीं, बस के सहचालक अभिषेक सुनार (17) का दाहिना पैर दरवाजे और पुल की रेलिंग के बीच दब गया। उनकी हालत मध्यम बताई गई है। उन्हें बुटवल के चौराहा अस्पताल रेफर किया गया है। बस में कुल 41 यात्री सवार थे। अन्य किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। सभी यात्रियों को दूसरी गाड़ी से गंतव्य के लिए रवाना किया गया। यातायात पुलिस ने बताया कि घटना में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।