परसा। परसा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के सुविधाओं का अभाव है। स्टेशन से करीब रोजाना सैकड़ों यात्रा सफर करते हैं। महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव न होने से लोग शोहरतगढ़ या बढ़नी रेलवे स्टेशनों का रुख करने का मजबूर हैं। क्षेत्रीय लोगों ने रेलमंत्री को पत्र लिखकर स्टेशन पर सुविधा बढ़ाने समेत लखनऊ इंटरसिटी व एलटीटी एक्सप्रेस ट्रेन के ठहराव की मांग की है।
रेलमंत्री के संज्ञान में डाला कि यह रेलवे स्टेशन सीमावर्ती क्षेत्र के लिए काफी महत्वपूर्ण है। नेपाल से सटे ग्रामीण क्षेत्र और यात्रियों के लिए परसा रेलवे स्टेशन नजदीक पड़ता है। यहां पर पैसेंजर और डेमो ट्रेनों का ही ठहराव होता है जबकि लखनऊ, मुंबई, दिल्ली आदि जगहों पर जाने वाले सैकड़ों यात्री रोजाना निकलते हैं। प्रधान ग्रामसभा परसा स्टेशन रामचंद्र शुक्ल कहते हैं कि सबसे अधिक समस्या स्टेशन के दक्षिण प्लेटफार्म से मुख्य रोड पर जाने वाले यात्रियों को होती है। विभाग की सड़क जर्जर हो गई है। रात को सफर करने वाले यात्री चुटहिल होते हैं।
युवा व्यवसायी हितेश सिंह का कहना है कि परसा रेलवे स्टेशन पर शुद्ध पेयजल की व्यवस्था नहीं है। जो हैंडपंप है उसमें दूषित पानी आ रहा है। यात्रियों को ट्रेन का इंतजार करने के लिए बने यात्री निवास की हालत जर्जर हो गई है। पूर्व प्रधान ग्राम पंचायत औदही कलां मयंक शुक्ल कहते है कि यात्रियों के रुकने के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। रात को लोग खुले आसमान के नीचे बैठ ट्रेन का इंतजार करते है।
स्टेशन पर ओवरब्रिज न होने से हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्टेशन पर शौचालय की स्थिति भी दयनीय है। जिला पंचायत सदस्य अजय सिंह ने बताया कि रेलमंत्री को इस संबंध में पत्र भेजकर परसा स्टेशन पर हैंडपंप, इंटरसिटी एवं एलटीटी एक्सप्रेस ट्रेन के ठहराव की मांग की गई है।