सिद्धार्थनगर। शहर के चारो प्रवेश द्वारों पर पार्किंग स्थल बनेंगे, जहां से बड़े वाहनों का अंदर प्रवेश नहीं होगा। शहर के अंदर आवागमन के लिए निजी वाहनों के साथ सवारी के लिए सिर्फ ई-रिक्शा ही संचालित होंगे। नगर पालिका ने पार्किंग स्थल के लिए चिन्हित भूमि को अतिक्रमणमुक्त करने के लिए तहसील प्रशासन को पत्र भेजा है। पार्किंग स्थल पर यात्रियों व वाहन चालकों के लिए छाजन, पेयजल व सुलभ शौचालय समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी।
पार्किंग स्थल नहीं होने और वाहनों के आवागमन संबंधी नियम नहीं होने के कारण शहर में आने वाले बड़े एवं छोटे वाहन सड़क किनारे खड़े होते है। मुख्य सड़क, स्टेशन रोड, खजुरिया रोड सहित अन्य मार्गाें पर सड़क किनारे खड़े वाहनों से अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। ऐसा एक दिन ही नहीं होता बल्कि प्रतिदिन लोगों को जाम की समस्या से जुझना पड़ता है। शहर में सड़क किनारे स्थित दुकान, प्रतिष्ठान व घर के सामने पार्किंग स्थल नहीं होने से लोग सड़क किनारे ही वाहन खड़ी कर खरीदारी करते है। शनिवार शाम सिद्धार्थ तिराहे के पास एक चालक सड़क किनारे चार पहिया वाहन खड़ा कर सब्जी खरीदने लगा, इससे थोड़ी देर में ही जाम लग गया। इसी बीच रेलवे क्रासिंग बंद हो गई, जिससे जाम फंसे लोग आधे घंटे बाद आवागमन कर सके।
-
इन स्थानों पर बनेगा पार्किंग स्थल
शहर में गोरखपुर मार्ग के प्रवेश स्थल हुसेनगंज में पुराने एआरटीओ कार्यालय के पास पार्किंग स्थल के लिए भूमि चिन्हित की गई है। बांसी व शोहरतगढ़ मार्ग से आने वाले वाहन चालकों के लिए सनई चौराहे के पास पार्किंग स्थल बनेगा। सोहांस व लोटन की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए पिठनी पुल के पास और बर्डपुर, ककरहवा व कपिलवस्तु की तरफ से आने वाले वाहनों का पार्किंग स्थल जमुआर के पास बनेगा। इससे इन मार्गाें से आने वाले सवारी वाहन इन्हीं पार्किंग स्थलों पर खड़े होंगे और यहीं आएंगे व जाएंगे।
पार्किंग स्थलों पर उपलब्ध होगी यह सुविधा
शहर में चारों तरफ से अंदर प्रवेश करने वाले मार्गाें पर नगर पालिका की तरफ से चिन्हित भूमि को तहसील प्रशासन की तरफ से अतिक्रमणमुक्त कर इन्हें पार्किंग स्थल की तौर पर दर्ज किया जाएगा। जिसके लिए नगर पालिका ने तहसील प्रशासन को पत्र भेजा है। इन पार्किंग स्थलों की भूमि समतल करने के साथ ही यात्रियों व वाहन चालकों को धूप, ठंड व बारिश से बचने के लिए छाजन बनेंगे। साथ ही यहां पर शुद्ध पेयजल व शौचालय की सुविधा मुहैया कराई जाएगी।
वाहनों के संचालन का बनेगा रूट चार्ट
नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद माधव कहते है कि पार्किंग स्थल बनने के बाद शहर में टैक्सियों के संचालन पर रोक लगाई जाएगी। शहर को प्रदुषणमुक्त करने के अभियान के तक सवारी वाहनों में सिर्फ ई-रिक्शा का संचालन होगा। साथ ही जाम से मुक्ति के लिए शहर के स्टेशन रोड, मुख्य मार्ग, खजुरिया रोड अशोक मार्ग व पेट्रोल पंप तिराहा समेत विभिन्न मार्गाें पर इनके संचालन के लिए रूट चार्ट बनेगा। इस रूट चार्ट का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई कराई जाएगी।
प्रत्येक मार्ग से शहर में आते हैं सैकड़ों वाहन
शहर में विभिन्न मार्गाें से आने वाले सैकड़ों वाहन सीधे शहर में प्रवेश करते है। कोई पार्किंग स्थल नहीं होने के कारण सवारी व माल वाहन शहर में सड़क किनारे खड़े होते है। यहां तक कि रूट चार्ट नहीं होने के कारण भी टैक्सियों के आवागमन से भी शहर में जाम लगता है। शहरवासी रामनरेश का कहना है कि सभी रूटों एवं शहर में कहीं भी पार्किंग स्थल नहीं होने के कारण बहुत दुश्वारियां हो रही हैं। वाहनों के अनियंत्रित संचालन व सड़क किनारे खड़े होने से घंटों जाम में फंस जाना पड़ता है।
शहर में जाम से बचने के लिए पार्किंग स्थल बनना बेहद जरूरी है, इससे वाहनों के सड़क किनारे खड़े होने की समस्या से मुक्ति मिलेगी।
अजीत अग्रहरि, व्यापारी
शहर को प्रदूषण से बचाने के लिए टैक्सियों के संचालन के लिए रूट चार्ट निर्धारित करना बेहद जरूरी है, इससे लोगों को राहत मिलेगी।
सचिन श्रीवास्तव, शिक्षक
शहर के बाहरी हिस्से में पार्किंग स्थल बनाया जाना आवश्यक है, जिससे सवारी एवं बड़े वाहनों का प्रवेश नहीं होगा और जाम नहीं लगेगा।
दीनानाथ, शास्त्रीनगर
पार्किंग स्थल बनने से वाहन चालकों एवं यात्रियों को भी सुविधा होगी, साथ ही शहर में लगने वाले जाम से भी लोगों को निजात मिलेगा।
राज गुप्ता, व्यापारी
शहर के चारों तरफ से आने वाले मार्गों पर पार्किंग स्थल निर्माण संबंधी नगर पालिका का पत्र मिला है, जल्द इसके संबंध में विधिक कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. ललित कुमार मिश्र, एसडीएम नौगढ़
चिन्हित भूमि के पार्किंग स्थल के लिए आवंटित होने पर वहां यात्रियों एवं वाहन चालकों के लिए सुविधाएं मुहैया कराने संबंधी कार्य कराए जाएंगे।
गोविंद माधव, अध्यक्ष नगर पालिका