---फोटो मांगी गई---
40 हजार 400 मीट्रिक टन धान की होगी खरीद
पहली नवंबर से जिले के 69 केंद्रों पर विपणन विभाग की तैयारी पूरी
अबतक मात्र 1141 किसान पंजीकृ त, इन्हें ही मिलेगी धान बिक्री की सुविधा
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। पहली नवंबर से शुरू होने वाली धान खरीद की तैयारियां विपणन विभाग की ओर से पूरी कर ली गई है। इस वर्ष क्रय केेंद्रों की संख्या में इजाफा करते हुए 69 क्रय केंद्र बनाए गए हैं, जहां किसान अपनी उपज को बेच सकेंगे। जिले को 40 हजार 400 मीट्रिक टन का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। पंजीकृ त किसान ही सरकारी केंद्रों पर धान बेच सकेंगे।
सरकार किसानों की आय को दोगुना करने के लिए बदहाल पड़े केंद्रों को सक्रिय करते हुए उन्हें खरीद लायक बनाया जिससे किसान आढ़तियों के हाथ न लुटें बल्कि उनकी उपज का वाजिब मूल्य उन्हें मिल सके। खरीद व्यवस्था को पारदर्शी बनाते हुए भुगतान की प्रक्रिया को ऑनलाइन कर दी गई और सीधे किसानों के बैंक खाते में 72 घंटे में उपज का मूल्य भेजने की योजना शुरू की गई। इस वर्ष होने वाली धान खरीद को लेकर पहले जिले में 60 क्रय केंद्र बनाए गए थे। मगर किसानों की समस्याओं को देखते हुए और किसान को अधिक दूरी तक भागना न पड़े, इस दृष्टि से नौ क्रय केंद्र और बढ़ा दिए गए हैं। अब जिले में विभिन्न संस्थाओं के कुल 69 केंद्र हो गए हैं। इन केंद्रों पर एक नवंबर से धान की खरीद शुरू हो जाएगी।
जिला विपणन अधिकारी संजय कुमार पांडेय ने बताया कि एक नवंबर से शुरू होने वाली धान खरीद को लेकर तैयारी पूरी कर ली गई है। कांटा और बोरे की पर्याप्त व्यवस्था की गई है जिससे किसानों को दिक्कत न हो। शासन की मंशा के अनुरूप धान की खरीद की जाएगी।
बिना पंजीकरण के धान नहीं बेच पाएंगे किसान
उन्हीं किसानों के धान का क्रय हो सकेगा, जो कृषि विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण किए होंगे। बिना पंजीकरण के किसान धान नहीं बेच सकेंगे। ऑनलाइन आवेदन के लिए किसान बैंक पासबुक, खसरा, खतौनी और मोबाइल नंबर दर्ज करना होना। उसका पंजीकरण हो जाएगा।
पंजीकरण में किसान नहीं ले रहे रुचि
ऑनलाइन पंजीकरण के लिए जुलाई से विभाग का पोर्टल खोल दिया गया है। मगर किसान पंजीकरण में रुचि नहीं ले रहे हैं। 23 अक्तूबर तक जिले के महज 1141 किसान ही पंजीकरण कराए हैं। जबकि जिले के एक बड़ी आबादी धान की खेती करती है और लगभग दो लाख 70 हजार हेक्टेयर रकबे पर धान की पैदावार होती है। बावजूद इसके किसान का रुचि न लेना चिंताजनक है।
नहीं बढ़ा धान खरीद का लक्ष्य
जिले में इस वर्ष भी धान खरीद का लक्ष्य नहीं बढ़ा है। पिछले जो 40400 मीट्रिक टन का लक्ष्य मिला था। इस वर्ष भी वह लक्ष्य प्राप्त हुआ है। धान का समर्थन मूल्य 1815 रुपये प्रति क्विंटल मिलेगा। साथ ही ढुलाई आदि मद में 20 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अधिक दिया जाएगा जो किसान के खाते में सीधे जाएगा।