पडरौना। प्राथमिक विद्यालय सोहरौना परिसर में शुक्रवार को हमारा आंगन-हमारे बच्चे उत्सव का आयोजन हुआ। इसमें शिक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और शिक्षामित्रों की तरफ से शिक्षण-अधिगम सामग्री की प्रदर्शनी लगाई गई।
मुख्य अतिथि सदर विधायक मनीष जायसवाल ने कहा कि सरकार की तरफ से चलाई जा रही शिक्षा से जुड़ी विभिन्न योजनाएं, विशेषकर निपुण भारत मिशन, बच्चों की बुनियादी शिक्षा को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। इस तरह की गतिविधियां बच्चों के सीखने को रोचक, रचनात्मक और प्रभावी बनाती हैं। बीएसए डॉ. राम जियावन मौर्य ने शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर नवाचार एवं समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक कक्षाओं में मजबूत बुनियाद ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला होती है। शिक्षण-अधिगम सामग्री से बच्चों के सीखने की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने वाला प्रयास करना चाहिए। कार्यक्रम को जिला कार्यक्रम अधिकारी एके दुबे आदि ने संबोधित किया। इसके बाद अतिथियों ने वहां लगी प्रदर्शनी का अवलोकन कर सराहना की। इसके पूर्व विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विविधि सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। अंत में उत्कृष्ट कार्य और नवाचारी शिक्षण सामग्री प्रस्तुत करने वाले शिक्षकों को प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का संचालन रविंद्र नारायण पांडेय ने किया। इस दौरान बीईओ सुरेंद्र बहादुर सिंह, सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी नागेंद्र मणि, कमलेश, अश्विनी सिंह, राम प्रकाश पांडेय, जिला स्काउट मास्टर नीरज बंका, सूफियान आदि मौजूद रहे।