किचन गार्डन से ही मिलेगी ऑर्गेनिक सब्जियां
कृषि विज्ञान केंद्र सोहना ने दी महिलाओं को सलाह
संवाद न्यूज एजेंसी
मन्नीजोत। कृषि विज्ञान केंद्र सोहना में कार्यरत नीलम सिंह ने जिले के किसानों एवं महिलाओं को जागरूक किया। उन्होंने बताया कि अपने घरों के आसपास सब्जियों की खेती कर सकते हैं, ऑर्गेनिक सब्जियां बहुत ही लाभदायक हैं।
नीलम सिंह ने किचन गार्डन में खेती करने की विधि बताते हुए कहा कि गार्डन में बीज द्वारा बुवाई मूली, शलजम, मेथी, पालक, खीरा, करेला, लौकी, कद्दू, टिंडा, सेम, भिंडी आदि सब्जियों के बीज मिट्टी में सीधे बोये जाते हैं। बुवाई से पहले बीजों का थीरम या केपटान दो ग्राम प्रति किलोग्राम बीज की दर से बीजोपचार कर लेना अच्छा रहता है। अच्छी व जानी-मानी कृषि कंपनियों के बीज लेने पर सामान्यता बीज पहले से ही उपचारित होते हैं। सब्जियों की उचित समय पर तोड़ाई कर लेनी चाहिए। सफा पानी के साथ रसोई घर एवं स्नान घर से निकले पानी का उपयोग कर आप घर के पीछे साग-सब्जी उगा सकते है। जिससे आपको शुद्ध और रसायन मुक्त सब्जियां खाने को मिलेंगी। सीमित क्षेत्र में साग-सब्जी उगाने से घरेलू आवश्यकता की पूर्ति भी हो सकेगी।