समाधान दिवस में समस्याएं सुनतीं डीएम।
भाटपार रानी। तहसील सभागार में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान पहुंचीं डीएम दिव्या मित्तल ने एक किसान से खेत से सड़क भराई के लिए मिट्टी काटने के दौरान गहरा गड्ढा खोदने और उसे नहीं भरने की शिकायत पर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने का आदेश एसडीएम को दिया। वहीं एक जगह जर्जर तार की शिकायत पर बिजली निगम के अभियंता को फटकार लगाते हुए जन शिकायतों के निस्तारण में तत्परता बरतने के आदेश दिया।
शिकायतकर्ता भाटपाररानी नगर के सोहनपार वार्ड निवासी सुनील पांडे ने बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व उनके खेत से पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा भाटपार-टीकमपार के बीच सड़क चौड़ीकरण के दौरान 14 फीट गहरा मिट्टी निकालकर गड्ढा कर दिया गया था। कई बार शिकायत के बावजूद यह गड्ढा नहीं भरा गया। बरसात में गड्ढे में पानी भरने पर कोई भी हादसा हो सकता है। इस शिकायत पर डीएम ने पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को कड़ी फटकार लगाते हुए एसडीएम भाटपार रानी रत्नेश तिवारी को एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया।
इसके बाद ग्राम पिपरहिया के 10-15 लोग विद्युत निगम के विरुद्ध शिकायत लेकर पहुंचे थे। लोगों का कहना था कि उनके यहां 15 दिनों से बिजली नहीं आ रही है। बार-बार जर्जर तार फाल्ट हो जा रहा है। वे अंधेरे में रह रहे हैं। उनके खेतों से होकर गुजरने वाले विद्युत तार बिल्कुल ढीले पड़ गए हैं। इससे कभी भी उनकी फसल जलने की आशंका है। इस पर डीएम ने एसडीओ भाटपार रानी को बुलाकर कड़ी फटकार लगाई और तत्काल ठीक करने का निर्देश दिया।
बेलपार के संजय पांडे , टड़वा के विजय बहादुर सिंह ने जिलाधिकारी से शिकायत किया कि वे एक वर्ष से नामांतरण के लिए चक्कर लगा रहे हैं। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वह मौके पर जाकर तत्काल समस्या का निस्तारण करें। बार-बार शिकायतें आने पर उस विभाग के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आए शिकायती पत्रों में राजस्व विभाग के 12, पुलिस के13, विकास विभाग के 4 तथा अन्य विभागों के17 शिकायती पत्र शामिल रहे।