सिद्धार्थनगर। नगर निकाय चुनाव में नामांकन के दूसरे दिन रविवार को सुस्ती रही। सभी निकायों में सिर्फ पर्चे खरीदे गए। अध्यक्ष पद के लिए कुल 19 व सभासद-सदस्य पद के लिए 146 नामांकन पत्र खरीदे गए। बढ़नी नगर पंचायत में दूसरे दिन भी अध्यक्ष के लिए किसी ने पर्चा नहीं लिया। इस बीच उसका बाजार नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए प्रमिला अग्रहरि ने रविवार को दूसरा सेट दाखिल किया। निर्वाचन कार्यालय के मुताबिक दो दिनों में अध्यक्ष पद के लिए सिर्फ एक नामांकन प्रमिला देवी के रूप में हुआ है। छह निकायों में अध्यक्ष के कुल 42 व सभासद-सदस्य के 235 पर्चे दो दिनों में खरीदे जा चुके हैं। सोमवार से नामांकन में तेजी आने की उम्मीद है।
तीसरे चरण में मतदान के लिए जिले की छह निकायों में शनिवार से शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन सिर्फ उसका बाजार नगर पंचायत से एक नामांकन पत्र जमा हुआ था। अन्य निकायों में कोई नामांकन नहीं हुए। रविवार को सुबह 11 बजे से शुरू हुई प्रक्रिया में भी पर्चा खरीदने वालों की ही भीड़ रही। सदर तहसील में नगर पालिका सिद्धार्थनगर व उसका बाजार नगर पंचायत के लिए बने वार्ड वार काउंटरों से नामांकन पत्र खरीदने के लिए आवेदक जुटे रहे। सदर में अध्यक्ष के लिए 6 व सभासद के लिए 55 ने नामांकन पत्र खरीदा। उसका में चार नामांकन पत्र अध्यक्ष पद पर बिके।
सभासद पद के कुछ प्रत्याशी नामांकन की तैयारी में थे, लेकिन छुट्टी के चलते ट्रेजरी चालान जमा न होने से उन्हें मायूसी मिली। यहां नामांकन की प्रक्रिया एसडीएम डॉ.महेंद्र कुमार, सीओ डीके सिंह के निर्देशन में कराई गई। वहीं शोहरतगढ़ में एसडीएम सत्यप्रकाश सिंह व जुबेर बेग की देख-रेख में शोहरतगढ़ व बढ़नी नगर पंचायत के लिए नामांकन कार्य चल रहा है। बांसी में नगर पालिका के अध्यक्ष पद के लिए पहले दिन कोई पर्चा नहीं बिका था। रविवार को तीन लोगों ने नामांकन पत्र खरीदा। सभासद पद के 31 पर्चे बिके। डुमरियागंज में अध्यक्ष पद पर दो उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र लिया।