- माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से आयोजित होने वाली बोर्ड परीक्षा की तैयारी से जुड़ी सामग्री है अपडेट
- जिले में इस वर्ष 64910 परीक्षार्थी शामिल होंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
तुलसियापुर। यूपी बोर्ड की परीक्षाओं का कार्यक्रम तय हो गया है। पेपर होने में कम समय बचा है। इसे देखते हुए विद्यार्थी एप से तैयारी कर रहे हैं। स्कूल की कक्षाओं व कोचिंग में उनकी उपस्थिति बढ़ी है, जहां से उन्हें परीक्षा की तैयारी में मार्गदर्शन मिल रहा है। इसके साथ ही बोर्ड की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए कुछ ऑनलाइन एप भी मददगार बने हुए हैं।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से आयोजित होने वाली हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड की तिथि घोषित होने के साथ ही परीक्षा की तैयारी तेज हो गई है। कोर्स पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है। परीक्षा में बच्चे बेहतर अंक प्राप्त कर सकें इसके लिए डिजिटल का प्रयोग किया जा रहा है। बच्चों के साथ ही विद्यालय प्रबंधन और परिषद दोनों ऑनलाइन माध्यम से बच्चों को अधिक से अधिक ज्ञान देने पर काम कर रहा है।
इसके लिए इस बार बोर्ड परीक्षा में डिजिटल रूप से दक्ष प्रतिभागी इन ऑनलाइन एप की मार्फत अपनी तैयारी को और पुख्ता कर रहे हैं। एप से मिलने वाले टिप्स को अपना कर तैयारी को धार दे रहे हैं। आंकड़ों पर गौर करें तो जिले में इस बार 64910 प्रतिभागी बोर्ड की परीक्षा में शामिल होंगे। इसमें 35951 हाईस्कूल तो 28959 इंटरमीडिएट के परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसकी जानकारी कोचिंग व कक्षाओं में विद्यार्थी जुटा रहे हैं। इसके अलावा लगभग एक दर्जन ऑनलाइन एप भी बोर्ड की तैयारी में जुटे युवाओं की मदद कर रहे हैं।
पं.बाबूराम शुक्ल विद्या मंदिर इंटर काॅलेज के शिक्षक धनंजय पाठक ने बताया कि इन एप को स्मार्ट फोन में डाउनलोड कर एप के निर्देश के मुताबिक न सिर्फ पाठ्यक्रम तय कर पा रहे हैं, बल्कि जरूरी टिप्स पर विशेष ध्यान दे रहे हैं, जिससे अधिक नंबर हासिल करने का मौका मिले।
-
इस प्रकार से मिल रही सलाह
एमएस इंटर कॉलेज की हाईस्कूल छात्रा प्रगति ने बताया कि वह थिंक एग्जाम एप से तैयारी कर रही हैं। इसमें इसमें प्रश्न बैंक, परीक्षार्थी पैनल और समय प्रबंधन की जानकारी बेहतर है। वहीं, छात्रा स्नेहा ने कहा कि पूरा कोर्स एप पर अपडेट जहां से अच्छी तरह से जानकारी मिल रही है। बोर्ड परीक्षा में एप उपयोगी है।
ये एप हैं उपयोगी
बोर्ड परीक्षा के तैयारी से जुड़ी जानकारी के लिए लगभग 12 से अधिक ऑनलाइन एप ऐसे हैं। इसमें टेक्स्ट बुक, थिंक इग्जाम, लर्नजैक, दीक्षा फॉर स्कूल, ई पाठशाला, बाई ज्यूस, ब्रेनली मैथ, टॉपर, केमेस्ट्री 12, पी सीएम फार्मूला, मेमोरी ट्रेनर नाम के एप विद्यार्थियों में काफी लोकप्रिय हो चुके हैं और इनका उपयोग करके विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा की तैयारी दुरुस्त कर रहे हैं। यह गूगल प्ले स्टोर से लोड किया जा सकता है।