एक दिन का काटा वेतन, नोटिस दिया
बीडीओ के निरीक्षण में अनुपस्थित मिले सफाई कर्मी
संवाद न्यूज एजेंसी
डुमरियागंज। क्षेत्र के बसडिलिया, हल्लौर, बनगवां, चकचई और बयारा इत्यादि ग्राम पंचायतों में भ्रमण कर टीकाकरण और साफ-सफाई की स्थिति का निरीक्षण किया गया। इसमें कई सफाई कर्मियों का कार्य में लापरवाही के आरोप में एक दिन वेतन काटने के साथ ही नोटिस दिया गया।
बीडीओ सुशील कुमार अग्रहरि ने बताया कि ग्राम पंचायत बसडिलिया में टीकाकरण के लिए लोगों के नहीं आने पर ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सचिव और रोजगार सेवक को गांव में लोगों को बुलाने के लिए भेजा गया। गांव के कुछ व्यक्तियों से बात करके लोगों को समझा-बुझाकर टीकाकरण के लिए प्रोत्साहित करने का अनुरोध किया गया। टीकाकरण की टीम में आशा अनुपस्थित रही। ग्राम प्रधान और टीकाकरण टीम की ओर से बताया गया कि वह पहले भी लगातार अनुपस्थित रह रही हैं। इसके बारे में अधीक्षक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेंवा बीएन चतुर्वेदी से फोन पर बात कर उन्हें आशा को टीकाकरण केंद्र भेजने और उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कहा। ग्राम पंचायत हल्लौर में टीकाकरण की स्थिति संतोषजनक रही। निरीक्षण के समय तक 30 टीका लग चुका था और 10 अन्य लोग वेटिंग में थे। ग्राम पंचायत बनगवां में सफाई की टीम अनुपस्थित पाई गई। फोन पर बात करने पर पता चला कि वह लोग थोड़ी देर पहले चले गए। वहां पर सफाई की स्थितियां असंतोषजनक पाई गई। इस कारण सभी छह सफाई कर्मियों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए एक दिन का वेतन बाधित करने का निर्देश सहायक विकास अधिकारी पंचायत को दिया गया।