- पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, इटवा कस्बे के थाने के सामने हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
इटवा। थाना क्षेत्र के कस्बे के थाने के सामने रविवार को ट्रोले ने एक बाइक को चपेट में ले लिया। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जबकि, दो लोग घायल हो गए। घायलों का माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। पुलिस ने लाश पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त मृतक बहन के यहां से लौट रहा था।
बैदौलागढ निवासी मुकेश (20) पुत्र रघुनाथ, उदयभान (25) पुत्र भगवानदीन अपने साथी परवेज आलम (22) पुत्र जहांगीर आलम के साथ अपनी बहन से मिलने पुरैना गांव आ रहे थे। इटवा थाने के सामने बढ़नी की तरफ से आ रहे ट्राले के पिछला पहिया की चपेट में वह आ गए। इस हादसे में उदयभान की मौके पर ही मौत हो गई व दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलाें को सीएचसी इटवा ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय सिद्धार्थनगर रेफर कर दिया।
मौत की जानकारी के बाद से परिवार के लोगों का रो- रोकर बुरा हाल है। इस संबंध में एसओ इटवा श्याम सुंदर तिवारी ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लाश को पीएम के लिए भेज दिया गया है, और वाहन कब्जे में लेकर कार्रवाई की जा रही है।
-
पटरियां सही सलामत होतीं तो बच जाती उदय की जान
इटवा। इटवा थाने के सामने रविवार को हुए हादसे में यदि सड़क के पश्चिम की पटरियां ठीक होतीं और अतिक्रमण न होता तो उदयभान की जान बच सकती थी। कस्बे के डुमरियागंज मार्ग पर आबादी भाग में सीसी रोड के बगल में पटरियों का निर्माण कार्य मिट्टी डालकर कराया गया। यह मिट्टी बारिश के दिनों में बहने व धंस जाने के चलते कहीं -कहीं काफी नीची हो गई है। इटवा थाने के सामने इसी नीची हो गयी पटरियों पर गन्ने का रस बेचने वाले व अन्य ठेले वालों का कब्जा है। ऐसे में यदि आप पटरियों पर हैं, तो चाहकर भी सीसी रोड पर बाइक नहीं चढ़ा सकते हैं और पटरियों पर अतिक्रमण के चलते आप आगे भी नहीं जा सकते हैं। ऐसे में अधिकांश बाइक चालक सीसी रोड पर ही चलते हैं। रविवार को भी यही हुआ। बगैर हेलमेट दो सवारियों को बिठाकर बाइक चालक इटवा थाने के सामने इसी सीसी रोड पर ओवरटेक करके ट्राले से आगे निकलने की होड़ में पिछले पहियों की चपेट में आ गए। संवाद