देवरिया। डमी कंपनी बनाकर धोखाधड़ी के धन का ट्रांजेक्शन करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया। शुक्रवार को पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया जहां से जेल भेज दिया गया। इसका दूसरा आरोपी फरार है। इस कंपनी ने अब तक 60 करोड़ रुपये के ट्रांजेक्शन किया है।
नगर के रुद्रपुर टैक्सी स्टैंड के निकट स्थित ट्रैवेल एजेंसी संचालक और बरगईयां टोला जयनगर वार्ड नंबर चार निवासी माखन लाल गुप्ता लेक्सी रूफ साफ्टवेयर साल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के नाम से कंपनी चला रहा था। इसने बाकायदा इसका पंजीकरण कराया था। इस कंपनी के खातों में करीब 60 करोड़ रुपये आ चुके हैं, जिन्हें अलग-अलग खातों में स्थानांतरित किया गया। कंपनी पर विभिन्न राज्याें से केंद्र सरकार के एनसीआरपी पोर्टल के जरिये करीब 46 शिकायतें दर्ज किया गया था।
इस पर साइबर क्राइम टीम एक्टिव हो गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ किया। उसके पास से दो लैपटॉप, 11 चेकबुक, दो कैंसिल लूज चेक, एक-एक पासबुक और आधार कार्ड, नौ एटीएम कार्ड, एक एपीआई एग्रीमेंट स्टैंप सहित कई कागजात बरामद हुए हैं। कंपनी के जरिये 60 करोड़ रुपये का लेन-देन किया जाना बताया जा रहा है।
ट्रैवल एजेंसी संचालक है माखन लाल : बरहज। जयनगर वार्ड नंबर चार बरगईयां टोला निवासी माखन लाल गुप्त की बरहज में रुद्रपुर जाने वाले टैक्सी स्टैंट पर ट्रैवेल एजेंसी का ऑफिस है।
लोगों के अनुसार बुधवार की दोपहर सफेद रंग की लाल बत्ती लगी बोलेरो गाड़ी से कुछ पुलिसकर्मी आये थे। जो माखन लाल को साथ ले गए।
इसके बाद बृहस्पतिवार को पुन: पुलिस बरहज आई थी। ट्रेवल एजेंसी पर कुछ साल पहले आरपीएफ ने भी तत्काल टिकट को लेकर छापेमारी की थी और पकड़कर उसे अपने साथ ले गई थी।
कंपनी है पर कोई काम नहीं : लेक्सी रूफ साफ्टवेयर साल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी करीब छह माह पहले रजिस्ट्रेशन कराया था। पर इस कंपनी ने कोई काम नहीं किया।
पुलिस की जांच में केवल रुपये के ट्रांजेक्शन का मामला पकड़ में आया। इससे संदेह और बढ़ गया। गहराई से छानबीन करने पर मामला उजागर हो गया।
जांच में यह भी पता चला कि आरोपी नौ अन्य लोगों के नाम से खुले खातों का संचालन करता था। इन खातों का पासबुक, एटीएम सबकुछ आरोपी के पास था।