घुघुली। नगर में सुभाष चौक पर सोमवार दोपहर चोरों ने बाइक की डिग्गी से डेढ़ लाख रुपये उड़ा दिया। मामले की जांच में घुघुली और कोठीभार थाने की पुलिस संयुक्त रूप से जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, कोठीभार थाना क्षेत्र के बसडिला निवासी श्रीकिशुन अपनी बहू मंजू के साथ घुघुली स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया से डेढ़ लाख रुपये निकालकर बाइक की डिग्गी में रखकर घर लौट रहे थे। रास्ते में वे सुभाष चौक स्थित एक दुकान पर लिट्टी-चना खिलाने के लिए रुक गए। घर लौटने पर जब श्रीकिशुन ने डिग्गी खोली तो उसमें रखे रुपये गायब थे। श्रीकिशुन तुरंत अपनी बहू को लेकर वापस सुभाष चौक पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। घुघली और कोठीभार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि जांच के बाद ही सत्यता के बारे में जानकारी हो सकेगी।