नोटिस मिलने पर दुकानदारों ने हटा लिया अतिक्रमण
इटवा। सीएचसी इटवा के पास अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों ने नोटिस मिलने के बाद स्वयं ही जगह खाली कर दी। इससे नगर पंचायत प्रशासन को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं करनी पड़ी।
सीएचसी इटवा के सामने हुए अतिक्रमण से मरीजों और तीमारदारों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। सीएचसी में एक कार्यक्रम के दौरान बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. सतीश चंद्र द्विवेदी ने अस्पताल के सामने अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निकाय प्रशासन से कहा था। उन्होंने यहां स्थायी कब्जा न हो, उसके लिए कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
उसके बाद नगर निकाय प्रशासन ने अस्पताल के सामने के आठ दुकानदार शहबाज, राम प्रसाद, सुनील, दयाशंकर, गुफरान, बहरैची और मंगल को नोटिस जारी करके कब्जे को 22 जुलाई के पहले हटाने के लिए कहा था। बृहस्पतिवार को नोटिस पाए लोगों ने कब्जा हटा लिया। उसके नगर पंचायत प्रशासन को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं करनी पड़ी। सीएचसी के सामने कब्जा हटने पर नगर पंचायत के लोगों ने खुशी व्यक्त की है।