सिद्धार्थनगर। बर्डपुर ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत दुल्हा शुमाली में बिना वित्तीय स्वीकृति 5,46,132 रुपये के भुगतान के मामले में कार्रवाई शुरू हो गई है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला विकास अधिकारी ने आठ सितंबर को तत्कालीन ग्राम पंचायत सचिव केशभान यादव को निलंबित कर दिया था।
अब ग्राम पंचायत के प्रशासक को भी नोटिस जारी किया गया है। जवाब मिलने के बाद विभाग नियमानुसार आगे की कार्रवाई करेगा।
ग्राम पंचायत में पंचम राज्य वित्त आयोग की धनराशि से 5,46,132 रुपये का भुगतान किया गया था। आरोप है कि भुगतान से पहले आवश्यक वित्तीय स्वीकृति नहीं ली गई। मामला सामने आने के बाद इसकी जांच कराई गई।
जांच में निर्धारित वित्तीय प्रक्रिया का पालन नहीं किए जाने की पुष्टि हुई।
जांच रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी के निर्देश पर तत्कालीन ग्राम पंचायत सचिव के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई। जिला पंचायत राज अधिकारी वाचस्पति झा ने बताया कि ग्राम पंचायत दुल्हा शुमाली के प्रशासक को जिलाधिकारी की ओर से नोटिस दिया गया है।
नोटिस का जवाब मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।