जिला अस्पताल के बाहर स्थित दुकानों का मामला
दुकानें बंद कर दुकानदार पहुंचे कलेक्ट्रेट, प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन दिया
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। संयुक्त जिला अस्पताल के बाहर अशोक मार्ग पर 30 वर्षों से चाय-पान समेत अन्य दुकानों से भरण-पोषण कर रहे दुकानदारों को सीएमओ ने दो दिन में कब्जा हटाने का नोटिस दिया है। ऐसा न करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। इससे नाराज दुकानदार दुकान बंद कर शनिवार दोपहर में कलेक्ट्रेट पहुंचे और डीएम की अनुपस्थिति में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी शिवपूजन को ज्ञापन देकर नोटिस वापस लेने की गुहार लगाई है।
29 दिसंबर 1988 को जनपद सृजन के बाद कलेक्ट्रेट, विकास भवन व जिला अस्पताल आदि सरकारी भवनों के निर्माण के लिए मुड़िला, बसडिलिया, जगदीशपुर, मधुकरपुर, परसा शाहआलम आदि गांवों के किसानों की जमीनें अधिग्रहीत की गईं थी। इससे बड़ी संख्या में किसान भूमिहीन भी हो गए थे। सभी को नियमानुसार मुआवजा भी मिला। वहीं वर्ष 1990 में कलेक्ट्रेट भवन का उद्घाटन करने आए तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने भूमिहीन हो चुके किसानों के परिवार के एक-एक सदस्य को नौकरी देने की घोषणा की थी।
मुड़िला निवासी राधेश्याम वर्मा का कहना है कि घोषणा के बाद भी किसी को नौकरी नहीं मिली। ऐसे में इन गांवों के युवा बेरोजगारों ने रोजी-रोटी के लिए सीएमओ कार्यालय, जिला अस्पताल, नलकूप खंड, स्टेडियम, रजिस्ट्री आफिस, डाकघर कार्यालय के सामने अशोक मार्ग की पटरियों पर चाय-पान की दुकानें खोलकर जीविकोपार्जन शुरू कर दिया। 30 साल बाद 16 अगस्त को मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरके मिश्र की ने करीब 50 दुकानदारों को नोटिस देकर दुकान के रूप में स्थापित अवैध कब्जे को दो दिन में हटाने का निर्देश दिया है। सभी ने नौकरी मिली नहीं, ऊपर से रोजी-रोटी छीनने के लिए जारी नोटिस को वापस लेने का अनुरोध किया है। मांगपत्र पर धनंजय, नूर मोहम्मद, आत्मा, सुनील, संजय, विजय कुमार, सुरेश, जगदीश गुप्ता, मुकेश कुमार, राम किशन, संतोष कुमार, रवि प्रकाश, भोलू शर्मा, मुमताज अली, अतहर अली, राम चन्द्र, नरेन्द्र, विमलेश, गोपाल गौड़, अखिलेश आदि के हस्ताक्षर थे।
चाय-पान को तरसे लोग
संयुक्त जिला चिकित्सालय के बाहर पटरियों पर चाय-पान की दुकानों के शत-प्रतिशत बंद रहने के कारण शनिवार को अस्पताल के चिकित्सकों, कर्मियों के साथ ही दूर-दराज से आए मरीजों व उनके तीमारदारों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जिलाधिकारी के निर्देश पर अशोक मार्ग की दोनों तरफ पटरियों पर सीएमओ कार्यालय व जिला अस्पताल के सामने अवैध कब्जा कर चला रहे दुकानदारों को नोटिस दी गई है। दो दिन के भीतर कब्जा न हटाने पर प्रशासन कार्रवाई करेगा।
-डॉ. आरके मिश्र, सीएमओ
आज एसडीएम और सीओ करेंगे वार्ता
डीएम दीपक मीणा ने बताया कि दुकान लगाने वालों लोगों से वार्ता की गई है। उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था करने को कहा गया है। एसडीएम और सीओ को वार्ता के लिए रविवार को भेजा जाएगा।