कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक करते सिचाई बंधु के उपाध्यक्ष
- फोटो : SIDDHARTHNAGAR
सिंचाई बंधु की बैठक में उपाध्यक्ष ने जताई नाराजगी
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। सिंचाई बंधु की बैठक में किसानों की समस्याओं पर चर्चा हुई। नहरों में टेलों तक पानी पहुंचाने, खराब नलकूपों को ठीक कराने, खाद-बीज की उपलब्धता के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। इस मौके पर छह विभागों के अनुपस्थित अफसरों के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की गई।
कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को शासन से नामित सिंचाई बंधु के उपाध्यक्ष महेन्द्र लोधी की अध्यक्षता में हुई बैठक में पिछली कार्रवाई की पुष्टि की गई। इस दौरान विद्युत व यांत्रिक दोष से खराब नलकूपों को अविलंब ठीक कराने के लिए अधिशासी अभियंता नलकूप को निर्देशित किया गया। उपाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि समेत केंद्र व प्रदेश सरकार की किसानों के हितों वाली योजनाओं को धरातल पर लागू की जाएं। प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री की मंशा के विपरीत कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मियों को किसी भी दशा में बख्शा नहीं जाएगा। राप्ती नहर निर्माण खंड प्रथम व तृतीय, भूमि संरक्षण विभाग, वन विभाग, गन्ना विभाग, उद्यान विभाग से किसी अफसर की उपस्थिति न होने पर रोष जताया गया। बैठक में अधिशासी अभियंता ड्रेनेज खंड राज किरण नेहरा, अधिशासी अभियंता विद्युत आरके कुशवाहा, अधिशासी अभियंता नलकूप त्रयंबक सिंह आदि की उपस्थिति रही।