खेसरहा। उसका ब्लाॅक क्षेत्र के अजगरा गांव से चौबाहे पुल तक जाने वाली पक्की सड़क जानलेवा साबित हो रही है। अजगरा गांव पर यह सड़क संकरी तो है ही साथ ही दोनों तरफ गहरे गड्ढे हो गए हैं। पटरी विहीन इस सड़क पर अब तक पांच गाड़ियां हादसे का शिकार हो चुकी हैं।
क्षेत्रीय लोगों ने डीएम से इसकी शिकायत कर सड़क को चौड़ा व दोनों तरफ पटरी बनवाने के लिए मांग की है। लोगों का कहना है कि कई बार मांग की गई। प्रस्ताव भी बना, लेकिन यह कागजों तक सिमट कर रह गया, जिसका खामियाजा लोग भुगत रहे हैं। खेसरहा क्षेत्र के सकारपार स्थित बांसी-धानी मार्ग से निकल कर एक पीएमजीएसवाई सड़क कुड़जा गांव होते हुए अजगरा गांव स्थित राप्ती नदी पर बनाए गए पुल को जोड़ती है। इस रास्ते क्षेत्र के प्रतिदिन सैकड़ों लोग अजगरा चौबाहे गांव होते हुए उसका और जिला मुख्यालय तक सफर करते हैं। अजगरा गांव पर सड़क संकरी है और दोनों ओर गहरे गड्ढे हैं। ऐसे में राहगीरों को इसे पार करते समय थोड़ी सी चूक हुई तो सीधे गड्ढे में गिरने का डर बना रहता है।
गांव के पूर्णवासी ने बताया कि पांच दिन पूर्व एक पिकअप गड्ढे में फंस गई थी। एक वर्ष पूर्व इसी जगह पर ईंट सीमेंट से भरे पांच ट्रैक्टर-ट्राॅली पानी में गिर गए थे। मशीनों के सहयोग से उसे बाहर निकाला गया।
रामदास, सुग्रीव साहनी, दशरथ, राधेश्याम यादव ने बताया कि आवागमन के लिए यह जगह खतरनाक है। सड़क के दोनों बगल पटरी नहीं है। ऐसे में कब कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
इस समस्या पर कुड़जा गांव निवासी अनुरुद्ध यादव एडवोकेट ने पांच जुलाई को जिलाधिकारी को लिखित शिकायत के माध्यम से अवगत कराया था। अजगरा गांव में गड्ढों के बीच बनाई गई सड़क की दोनों तरफ पटरी बनाने की मांग की है।
इस संबंध में पीडब्ल्यूडी विभाग के जेई मनोज पासवान ने कहा कि अजगरा से उसका रेलवे लाइन तक चौड़ीकरण के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।