गड्ढे में मिला नवजात का शव, पुलिस ने कराया दफन
परसा (सिद्धार्थनगर)। ढेबरुआ थाना क्षेत्र के गडरखा गांव के टोला मोहन कोली में सोमवार की सुबह छह बजे गड्ढे में नवजात का शव मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने की बजाय, चौकीदार की मदद से उसे दफन करा दिया।
जानकारी के अनुसार, सबसे पहले महिला ने शव को देखा। फिर उसने दूसरे लोगों को जानकारी दी। उसके बाद गांव के लोग मौके पर पहुुंच गए।
शव का कुछ हिस्सा जानवर खा गए थे। सिर व दाहिना हाथ कटा हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ऐसा प्रतीत हो रहा था कि वह एक दिन पहले ही पैदा हुआ था। हालात देखकर आशंका जताई गई कि उसे गड्ढे के पास लाकर फेंका गया था। रात में जानवरों ने शव का कुछ हिस्सा खा लिया था। धीरे-धीरे आसपास के इलाकों में भी इसकी जानकारी फैल गई।
कुछ देर बाद मौके पर थानाध्यक्ष ब्रह्मा गौड़, सहयोगियों के साथ पहुंचे। पुलिस ने मौका मुआयना और पंचनामा बनवाकर चौकीदार के माध्यम से शव को दफन करा दिया। उसके बाद लोग यह चर्चा करते सुने गए कि पुलिस को शव का पोस्टमार्टम कराना चाहिए था। लोगों का कहना था कि पुलिस ने इस घटना का सुराग लगाने के लिए सक्रिय नहीं दिखी।
पुलिस का तर्क है कि इस मामले ने किसी ने तहरीर नहीं दी है, इस कारण पुलिसकर्मी मौका मुआयना करके लौट गए। इस मामले में ग्राम प्रधान रवींद्र शर्मा ने कहा कि आशंका है कि नवजात की हत्या की गई थी। इस मामले की जांच अगर पुलिस करे तो पूरा सहयोग किया जाएगा।
एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने कहा कि ढेबरूआ थाना क्षेत्र में नवजात का शव मिलने का मामला पुलिस की जीडी में दर्ज कर लिया गया है। इस मामले की जांच एक दरोगा को सौंपी जाएगी। क्षेत्र में प्रसव की सुविधा वाले अस्पतालों से भी जानकारी ली जाएगी। पुलिस गांव के लोगों से बातचीत करके मामले का सुराग लगाएगी। पुलिस पूरी तरह सक्रिय हो गई है।
-----
अपने ही आला अफसर के आदेश की कर दी अनदेखी की
पूर्व में गोरखपुर परिक्षेत्र में कुछ जगहों पर इस तरह के शव मिलने के मामलों की अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद तत्कालीन पुलिस महानिदेशक ने ऐसी घटनाओं में स्थानीय पुलिस की ओर से स्वत: संज्ञान लेकर अनिवार्य रूप से केस दर्ज करके कार्रवाई करने का आदेश दिया था। बावजूद इसके, ढेबरुआ क्षेत्र के इस मामले में पुलिस ने अपने ही आला अफसर के आदेश का पालन नहीं किया।
गांव में मिल सकता है आरोपितों का सुराग
गांव में मंगलवार की सुबह जिनके घर के सामने नवजात का शव मिला तो वे झगड़ा करने पर उतारू हो गए। आरोप प्रत्यारोप के दौरान दो परिवारों में मारपीट की नौबत आ गई। गांव के लोग नवजात की हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं। उनका कहना है कि पुलिस सक्रिय होगी तो आरोपित पकड़ लिए जाएंगे।