बढ़नी में नेपाल बाॅर्डर सील होने के बाद तैनात पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर। निकाय चुनाव के मद्देनजर अंतरराष्ट्रीय सीमा कर दी गई है। निकाय चुनाव को कुशलपूर्वक संपन्न कराने के लिए जिले से लगती अंतरराष्ट्रीय सीमाओं को सोमवार की देर शाम सील कर दिया गया। नेपाल सीमा से जुड़े पांच स्थानों पर नाकेबंदी की गई है। वहीं, पड़ोसी जनपदों से लगती सीमा पर भी छह स्थानों पर बैरियर लगाया गया है। इसे भी मंगलवार की शाम से सील किया जाएगा।
जिले की 68 किलोमीटर लंबी सीमा नेपाल से लगती है। खुली सीमा के चलते चुनाव की निष्पक्षता में खलल की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने 48 घंटे पहले अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर सील करने का निर्देश दिया था। इसके तहत सोमवार की शाम 5 बजे से बॉर्डर से वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी गई। एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह के मुताबिक बढ़नी, ककरहवा, खुनुवां, अलीगढ़वा व मलगहिया के पास नेपाल से लगती सीमा को बंद कर दिया गया है। यहां से अब किसी को भी प्रवेश की इजाजत नहीं दी जाएगी।
बुधवार को मतदान खत्म होने के बाद ही बॉर्डर चालू किया जाएगा। उधर, बलरामपुर, बस्ती, महराजगंज, संतकबीरनगर, गोरखपुर से लगती जिले की सीमा पर छह स्थानों पर बैरियर लगाए गए हैं। यहां सतर्कता बढ़ा दी गई है। हर आने-जाने वालों पर निगाह रखी जा रही है। मंगलवार की शाम से इसे भी पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। इसके अलावा जिले के अंदर मतदान दिवस पर निकाय क्षेत्रों में प्रवेश पर पाबंदी के लिए 25 स्थानों पर बैरियर लगाया जाएगा।