गिरफ्तार नेपाली नागरिक की पहचान डोटी जिले के दिपायल सिलगढी नगरपालिका-3 निवासी 32 वर्षीय सागर राना के रूप में हुई है। वहीं, भारतीय नागरिकों में मध्य प्रदेश के भोपाल निवासी 24 वर्षीय जसवंत सिंह तोमर, सत्यम राजपूत, हर्ष सिंह उर्फ हर्ष उसरेटे और 27 वर्षीय राहुल चंद शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, गोपनीय सूचना के आधार पर लुंबिनी प्रदेश पुलिस कार्यालय दांग की विशेष टीम ने लमही नगरपालिका-5 के रातोडांडा स्थित जस्मिन होटल एंड लॉज में छापा मारा। होटल की तीसरी मंजिल पर कमरा नंबर 203 और 204 किराये पर लेकर सट्टेबाजी का नेटवर्क संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर आरोपियों के कब्जे से दो डेस्कटॉप कंप्यूटर, तीन लैपटॉप और 13 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
प्रारंभिक जांच में आरोपियों के कुश 777 और कुश एक्सचेंज जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से सट्टेबाजी संचालित करने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने पांचों आरोपियों को बरामद उपकरणों के साथ आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए इलाका पुलिस कार्यालय लमही को सौंप दिया है। मामले की जांच जारी है।