अयोध्या में शिलान्यास के दिन नेपाल में मनेगी दिवाली
भगवान राम के ससुराल जनकपुर नेपाल भी उत्साह
कोराना समाप्ति बाद अयोध्या में आएंगे जनकपुर वासी
अमर उजाला ब्यूरो
कपिलवस्तु (सिद्धार्थनगर)। अयोध्या में पांच अगस्त को भगवान श्रीराम मंदिर का शिलान्यास होने जा रहा है। इस कार्यक्रम से भारत ही नहीं पड़ोसी मुल्क नेपाल में भी उल्लास है। जहां श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या में तैयारियां जोरों पर हैं, वहीं उनकी पत्नी सीता के जन्मस्थान जनकपुर (नेपाल) में भी खासी खुशी है। शिलान्यास पर नेपाल में दिवाली मनाने का निर्णय लिया गया है।
नेपाल के जनकपुर स्थित जानकी मंदिर के महंत रामेश्वरी दास वैष्णव ने मंदिर शिलान्यास के दिन पांच अगस्त को घर-घर राम की स्तुति करने और दिवाली मनाने की अपील की है। महंत ने कहा कि रामजन्म भूमि पर कई वर्षों के विवाद का पटाक्षेप होने के बाद पांच अगस्त को अयोध्या में राममंदिर निर्माण होने पर भगवान राम के ससुराल जनकपुर धाम में खुशी का माहौल है। यहां के लोग मंदिर के शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होना चाहते थे, लेकिन कोरोना महामारी के कारण संभव नहीं हो पा रहा है। मिथिला के लोग कोरोना महामारी की समाप्ति के बाद अयोध्या पहुंचेंगे और मंदिर निर्माण में भाग लेंगे। महंत ने काशी में सरयू घाट पर बन रही भगवान राम की मूर्ति के साथ मां सीता की एक प्रतिमा लगाने का सुझाव दिया। मां सीता के बिना राम की कल्पना भी नहीं कर सकते, इसलिए सीता और राम को एक साथ होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वाराणसी में रामायण से संबंधित स्थानों का निर्माण संभव है, जैसे कि जनकपुर, लंका, अयोध्या, चित्रकूट आदि, लेकिन असली अयोध्या भारत में ही है। भगवान राम के मंदिर शिलान्यास के दिन घर-घर भजन करने के साथ दीप जलाया जाएगा।