बांसी/शाहपुर। बांसी व डुमरियागंज तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण तहसील समाधान दिवस का आयोजन हुआ। बांसी में एसडीएम शशांक शेखर राय ने सुनवाई की, जिसमें 81 मामले आए और 10 प्रकरण का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। समाधान दिवस में राजस्व, विकास, शिक्षा, खाद्य एवं रसद (पूर्ति) सहित अन्य विभिन्न विभागों से जुड़े मामले सामने आए। एसडीएम शशांक शेखर राय ने सभी फरियादियों की शिकायतों को सुना और पिछले समाधान दिवस में प्राप्त हुई शिकायतों के रिपोर्ट का अवलोकन किया। इस अवसर पर तहसीलदार पियूष श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, बीडीओ कृतिका अवस्थी उपस्थित रहे।
डुमरियागंज तहसील सभागार में एसडीएम विवेकानंद मिश्र ने तहसील समाधान दिवस में सुनवाई की। समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 31 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से राजस्व विभाग के 20, पुलिस विभाग के सात, विकास विभाग का एक और अन्य विभागों के तीन प्रार्थना पत्र शामिल रहे। इस दौरान प्राप्त शिकायतों में से राजस्व विभाग के तीन प्रकरणों का तत्काल निस्तारण कर दिया गया जबकि शेष मामलों को शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया गया।
इस दौरान तहसीलदार रवि कुमार यादव, नायब तहसीलदार राघवेंद्र कुमार पांडेय, पूर्ति निरीक्षक मुकेश कुमार, राजस्व निरीक्षक रमेश चंद्र श्रीवास्तव, हरिशंकर, लाल कृष्ण श्रीवास्तव, इंद्राज चौधरी उपस्थित रहे।