सिद्धार्थनगर। मुख्यमंत्री संदर्भ एवं अन्य शिकायतों का समय से निस्तारण कराएं, कोई भी प्रकरण डिफाल्टर श्रेणी में न जाने पाए। इसमें शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। ये बातें जिलाधिकारी पवन अग्रवाल ने कलक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री संदर्भ एवं अन्य शिकायतों की माह अगस्त एवं सितंबर की प्रगति की समीक्षा बैठक में कहीं।
जिलाधिकारी ने विद्युत, कृषि, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, पंचायती राज विभाग, पशुपालन, लोक निर्माण विभाग, महिला एवं बाल विकास, उद्योग, शिक्षा, समाज कल्याण विभाग, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, महिला कल्याण विभाग, जल निगम व अन्य विभागों में प्राप्त मुख्यमंत्री संदर्भ एवं अन्य शिकायतों के प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने समस्त विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि शासन की मंशा के अनुरूप विभिन्न योजनाओं के निर्धारित लक्ष्य को शतप्रतिशत पूर्ण करें। उसका डाटा समय से पोर्टल पर फीड किया जाए।
इस दौरान सीडीओ जयेंद्र कुमार, एडीएम उमाशंकर, सीएमओ डॉ. नरेन्द्र कुमार वाजपेयी, डीसी मनरेगा रविशंकर पांडेय, जिला विकास अधिकारी गोपाल प्रसाद कुशवाहा, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी बीएस यादव, बीएसए देवेंद्र कुमार पांडेय, उप कृषि निदेशक अरविंद कुमार विश्वकर्मा, डीपीआरओ पवन कुमार उपस्थित थे।