संवाद न्यूज एजेंसी
शोहरतगढ़। वीरेंद्र ग्रामीण स्टेडियम छतहरी में सीजन- तीन गौतम बुद्ध आल इंडिया क्रिकेट टूर्नामेंट के आठवें दिन रविवार को चौथा क्वार्टर फाइनल मैच खेला गया। जो जेएनएनवाईसी क्रिकेट एकेडमी एनसीआर दिल्ली व उत्तराखंड की चंपावत टीम के बीच हुआ। दिल्ली ने उत्तराखंड के चंपावत की टीम को आठ विकेट से पराजित कर सेमीफाइनल में जगह बनाई। मैन आफ द मैच दिल्ली के कप्तान आयुष चौहान रहे। जिन्होंने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट लेकर टीम को जिताने में अहम भूमिका निभाई।
दिल्ली टीम के कप्तान आयुष ने टॉस जीतकर, उत्तराखंड के चंपावत की टीम कप्तान हर्ष पालीवाल को पहले बल्लेबाजी करने के लिए आमंत्रित किया। उत्तराखंड टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक व आरुष ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई। छह ओवर में लग रहा था कि चंपावत की टीम विशाल स्कोर खड़ा करेगी, लेकिन 11वां ओवर लेकर आए विपक्षी टीम के कप्तान आयुष चौहान ने अभिषेक को 48 रन और आरुष को 23 रन पर आउट कर दिया।
उसके बाद टीम अगले बल्लेबाज अपनी टीम के लिए कुछ खास नहीं कर पाए। एक छोर पर हर्ष राणा व्यक्तिगत 18 रन बनाकर टीम के अन्य बल्लेबाज को आउट होता देखते रहे। पूरी टीम निर्धारित 20 ओवर भी नहीं खेल पाई। 18.2 ओवर में 134 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली टीम की शुरुआत शानदार रही। सलामी बल्लेबाज विकास राय व साहिल के मैदान में उतरते ही चौकों और छक्कों की बौछार कर दी। विकास राय ने उत्तराखंड के किसी भी गेंदबाज को नहीं बख्शा। 22 गेंद पर ही अपना अर्ध शतक पूरा कर लिया।
आठवां ओवर लेकर आए हर्षित ने विकास राय को 57 रन की व्यक्तिगत स्कोर पर बोल्ड कर दिया। साहिल का साथ देने के लिए छोटा भीम मैदान में उतरे। भीम 12 रन बनाकर आउट हो गए। चौथा विकेट पर खेलने के लिए आर्यन चौधरी बल्लेबाजी के लिए आए। इन्होंने साहिल साथ 13 रन नाबाद योगदान दिया। साहिल 46 के स्कोर पर 14 ओवर की दूसरी गेंद पर गगन चुम्बी छक्का लगाकर अर्धशतक पूरा कर अपने टीम को आठ विकेट से जीत दिलाकर सेमीफाइनल में पहुंचा दिया।
जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष कुंवर विक्रम सिंह ने फीता काट कर मैच का शुभारंभ किया। अंपायर आशीष चौधरी, रवि कौशिक, स्कोरर गंगेश्वर कुशवाहा, धर्मेंद्र सिंह व प्रयाग भास्कर ने कमेंट्री की। लाइव प्रसारण रेहान जादरान ने किया। इस दौरान सिद्धार्थनगर क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष उमेश प्रताप सिंह, उपाध्यक्ष , उपाध्यक्ष रवि अग्रवाल, श्यामसुंदर चौधरी, विवेक त्रिपाठी, विपिन त्रिपाठी, मनीष श्रीवास्तव, अंबिका त्रिपाठी, संजय कौशल, राजेश उपाध्याय, सुनील अग्रवाल आदि मौजूद रहे।