सिद्धार्थनगर। लंबित मुकदमों का त्वरित निस्तारण कराने के लिए 12 दिसंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसमें सिविल कोर्ट सिद्धार्थनगर के अलावा बाह्य स्थित न्यायालय बांसी, डुमरियागंज, ग्राम न्यायालय इटवा व जिला जेल में मामलों का निस्तारण होगा।
राजस्व और चकबंदी न्यायालयों में भी लोक अदालत लगाई जाएगी। इसकी कार्रवाई सुबह 10 बजे से शुरू होगी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव शैलेंद्र नाथ ने बताया कि लोक अदालत में आपराधिक शमनीय वाद, चेक बाउंस, बैंक ऋण वसूली, मोटर दुर्घटना प्रतिकर याचिकाओं, पारिवारिक विवाद और श्रम संबंधी मामलों का निस्तारण किया जाएगा। इसके अलावा भूमि अधिग्रहण, बिजली और पानी के बिल, ई-चालान, आर्बिट्रेशन, वेतन और सेवानिवृत्ति लाभ से जुड़े विवाद निपटाए जाएंगे।
न्यायालय में लंबित मामलों के साथ ऐसे विवाद भी लोक अदालत में रखे जा सकते हैं, जो अभी न्यायालय में दाखिल नहीं हुए हैं। प्री-लिटिगेशन स्तर पर बैंक वसूली, चेक बाउंस, पारिवारिक विवाद, श्रम वाद और बिजली-पानी के बिल के मामलों का निस्तारण कराया जा सकता है।