इटवा क्षेत्र के भोजवारी प्राथमिक विद्यालय पर इसी रास्ते आते जाते हैं बच्चे।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
इटवा। विकास क्षेत्र के ग्राम पंचायत सौरहवा ग्रांट के राजस्व ग्राम भोजवारी ग्रांट में स्थित प्राथमिक विद्यालय तक पहुंचने का रास्ता जोखिम भरा है। यहां शिक्षा ग्रहण कर रहे मासूमों को नाला व घास-फूस के अंदर पगडंडी से होकर स्कूल जाना पड़ता है। लोहिया समग्र ग्राम के रूप में चयनित होने के बावजूद जिम्मेदार इस तरफ ध्यान नहीं दे रहे हैं। अभिभावकों ने प्रशासन से विद्यालय तक सड़क बनवाने की मांग की है।
वर्ष 2015-16 में चयनित इटवा विकास के ग्राम पंचायत सौरहवा ग्रांट के टोला भोजवार ग्रांट में स्थित प्राथमिक विद्यालय तक का सफर मुश्किलों भरा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार इस समस्या से उच्चाधिकारियों को भी अवगत कराया गया, लेकिन आज तक समाधान नहीं हो पाया। सबसे ज्यादा दिक्कत बरसात के दिनों में होती है।
झाडिय़ों के बीच बने रास्ते से बच्चों का स्कूल जाना खतरे से खाली नहीं है। अभिभावको में अपने बच्चों के प्रति हमेशा भय बना रहता है। इस संबंध में बीईओ इटवा राजेश कुमार ने कहा कि ग्राम प्रधान की ओर से प्रार्थना पत्र मिला है। इसे संज्ञान में लेते हुए पूर्व में ही समस्या से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।