भनवापुर। भवानीगंज थाना क्षेत्र के नगर पंचायत बढ़नीचाफा के चेयरमैन पर एक किशोरी ने घर में घुसकर छेड़खानी और मारपीट करने के साथ ही दुपट्टा खींच लेने का आरोप लगाया है। पीड़िता का यह भी आरोप है कि स्थानीय पुलिस ने कार्रवाई के बजाय उल्टा थाने में बैठा लिया। पीड़िता अपने पिता के साथ सोमवार को पुलिस कार्यालय पहुंचकर शिकायत करते हुए कार्रवाई करने की मांग की है। एसपी ने स्थानीय पुलिस को मामले की जांच करके कार्रवाई करने निर्देश दिया है। वहीं, चेयरमैन ने आरोप को निराधार बताया है। तहरीर के अनुसार यह घटना दो दिन पहले की है।
थाना क्षेत्र के एक गांव की नाबालिग लड़की के पिता ने बताया कि गांव के ही दो लोगों से जमीन पर रखे ईंट को हटाने को लेकर विवाद हुआ था। दोनों पक्षों की शिकायत पर रविवार को भवानीगंज थाने पर बुलाया गया था। पत्नी के साथ थाने गया। थाने पर पहुंचने के दो घंटे बाद उसकी नाबालिग लड़की ने फोन कर बताया कि अब्बू आप घर आ जाओ नेता जी चेयरमैन धर्मराज वर्मा 25 लोगों के साथ घर आकर गाली दे रहे हैं।
पीड़िता ने बताया नेता जी ने दुपट्टा खींचकर हमारे घर के भीतर कमरे में कुंडी लगाकर बंद कर दिया और अभद्रता की। कुछ देर बाद पुलिस ने लड़की को थाने ले जाकर बैठा दिया। जिसे देर शाम छोड़ा। तब तक धर्मराज वर्मा चेयरमैन के समर्थक के साथ बकरियों को मारपीट कर खदेड़ दिया और रखा चार हजार ईंट गड्ढे में फेंक दिया। साथ ही घर में तोड़फोड़ के साथ जेवर आदि उठा ले गए। जिसकी तहरीर लेकर थाने ले कर गया, तो वहां पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय भगा दिया। स्थानीय थाने पर कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित बेटी के साथ सोमवार को पुलिस कार्यालय पहुंचा। यहां शिकायती पत्र देकर कार्रवाई करने की मांग की। -
नहीं मिला न्याय तो जहर खाकर करेंगे आत्महत्या
पीड़िता ने कहा कि 25 नवंबर की घटना को लेकर थाने गई तो उल्टा बैठा लिया गया। देर शाम होने पर घर जाने दिया गया। पुलिस इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। ऐसे में यदि आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो जहर खाकर आत्महत्या कर लूंगी।
-
इस तरह की घटना की कोई तहरीर नहीं मिली है और न ही कोई थाने पर आया था। दो दिन पहले दोनों पक्षों में विवाद हुआ था, जिसमें मुकदमा लिखा गया है। इसीलिए फर्जी आरोप लगाया जा रहा है। अगर इस तरह के घटना की कोई तहरीर मिलती है तो जांच कर कार्रवाई अवश्य की जाएगी।
-दिनेश कुमार सरोज, थानाध्यक्ष भवानीगंज
-
छेड़खानी व तोड़फोड़ का आरोप फर्जी है
भवानीगंज थाना क्षेत्र के एक नाबालिग लड़की के साथ छेड़खानी, घर में घुसकर तोड़फोड़ व लूट का आरोप फर्जी है। राजेंद्र व राम चंदर के साथ छेड़खानी का आरोप लगाने वाले मुस्लिम परिवार के लोगों द्वारा मारपीट की गई थी। जिसका मुकदमा लिखा गया है। हमेशा से हिंदू समाज को प्रताड़ित करने वाले अब अपनी महिलाओं व बेटियों को आगे कर बदनाम करने का प्रयास करते हैं। आरोपी पूरी तरह से निराधार है।
-धर्मराज वर्मा, चेयरमैन नगर पंचायत बढ़नीचाफा
-
पीड़िता मुझसे नहीं मिली थी। हां, मामले की जानकारी है। थाने पर उसने शिकायती पत्र दिया है। मामले की जांच की जा रही है, जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-अभिषेक अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक
-
श्याम सुंदर तिवारी
-