नुकीले हथियार से आंख फोड़कर युवक की हत्या
शोहरतगढ़ थानाक्षेत्र के बोहली गांव की है घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
परसा। शोहरतगढ़ थानाक्षेत्र के बोहली गांव निवासी एक युवक का शव शुक्रवार को गांव से कुछ दूर एक पोखरे में मिला। युवक की हत्या नुकीले हथियार से आंखें फोड़कर की गई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी है।
मृत युवक दीपक दुबे (19) की मां मीना देवी ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात 10 बजे तक परिवार के सभी लोग जाग रहे थे। पति दुखहरन रिश्तेदारी में गए थे। दीपक घर के बाहर चारपाई बिछाकर लेटा था। थोड़ी ही दूरी मीना देवी भी सो रही थीं। सुबह जब उठीं तो दीपक बिस्तर पर नहीं था। उसका मोबाइल व टार्च बिस्तर पर ही था। काफी देर बाद भी उसके नहीं लौटने पर परिवार वालों ने तलाश शुरू की। कोई पता नहीं चलने पर शोहरतगढ़ थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी गई। इस दौरान गांव से एक किमी दूर बोहली चंदई सीमा के पास स्थित पोखरे में कुछ लोगों ने युवक का शव देखा। शव मिलने की खबर गांव में तेजी से फैल गई। परिजन भी पोखरे पर पहुंचे और शव की शिनाख्त दीपक के रूप में की, परिवार वाले रोने लगे। शव की दोनों आंखें फूटी पाई गईं। दीपक की किसी नुकीले हथियार से आंखें फोड़कर हत्या की गई है। एसएचओ शोहरतगढ़ रामआशीष यादव ने बताया कि मृत्यु का कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में स्पष्ट होगा। दीपक के मोबाइल की कॉल डिटेल से काफी कुछ मिलने की संभावनाएं हैं।