महराजगंज। सदर विधानसभा क्षेत्र के मुंडेरी गांव में बुधवार को राज्य सड़क योजना के तहत बनने वाली सड़क निर्माण परियोजना का शुभारंभ किया गया। हिरना नाला पुल से मुंडेरी गांव तक एक किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण लगभग 80.19 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा। सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने पूजन-अर्चन एवं नारियल फोड़कर सड़क निर्माण कार्य की आधारशिला रखी।
सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्रीय लोगों में खुशी का माहौल है। ग्रामीण लंबे समय से इस सड़क के निर्माण की मांग कर रहे थे। सड़क बनने से गांव के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को नई गति प्राप्त होगी।
विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि पहले विकास कार्यों में भेदभाव, भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था की समस्याएं प्रमुख थीं। लेकिन आज केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र के साथ समाज के हर वर्ग तक विकास की रोशनी पहुंचा रही है।
विधायक ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था में व्यापक सुधार हुआ है। अपराध और भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित होने से आम नागरिक स्वयं को अधिक सुरक्षित महसूस कर रहा है। बेहतर कानून व्यवस्था के कारण निवेश बढ़ा है, रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं और प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिली है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने विकास कार्यों के साथ-साथ देश और प्रदेश की सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया है। धार्मिक, आध्यात्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का विकास कर उन्हें नई पहचान दी गई है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिला है और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं आय के नए अवसर सृजित हुए हैं।
कार्यक्रम में प्रमुख प्रतिनिधि ओम प्रकाश जायसवाल, चेयरमैन संतोष जायसवाल, मंडल अध्यक्ष हेमंत गुप्ता, मंडल उपाध्यक्ष मनोज जायसवाल, रंजीत सिंह, राधेश्याम गुप्ता, गुड्डू सिंह, मानसिंह गुप्ता, प्रधान कन्हैया प्रसाद, भगवंत पटेल, अवर अभियंता सतीश तिवारी, संदीप तिवारी, प्रिंस जायसवाल, संजय जायसवाल सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।