बांसी। अभी तीन सप्ताह पहले ही कुनौना गांव में शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं। घर-आंगन में शहनाइयां गूंज रही थीं और परिजन नए रिश्ते के स्वागत में जुटे थे लेकिन रविवार रात हुए सड़क हादसे ने सारी खुशियां छीन लीं। बरात जा रही बस की टक्कर में कासिम की मौत के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
कासिम का विवाह एक जून को क्षेत्र के फरीदाबाद गांव में हुआ था। शादी के बाद परिवार नए जीवन की शुरुआत की खुशियों में डूबा था। किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि महज 20 दिन बाद ही नवविवाहिता के सिर से पति का साया उठ जाएगा। हादसे की सूचना मिलते ही पत्नी बदहवास हो गई। घर में मौजूद महिलाएं उसे संभालने की कोशिश करती रहीं लेकिन हर किसी की आंखें नम थीं। ग्रामीणों के अनुसार कासिम मिलनसार स्वभाव का युवक था और गांव में सभी से उसका अच्छा व्यवहार था। उसकी असमय मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग उसके घर पहुंच गए। पूरे गांव में शोक का माहौल है।