छह करोड़ खर्च, फिर भी घरों तक नहीं पहुंचा शुद्ध पानी
- नगर पंचायत डुमरियागंज में शुद्ध पेयजल मुहैया कराने के लिए शुरू हुआ था वाटर हेड टैंक बनाने का काम
- वर्ष 2015-16 में टेंडर के बाद से अभी तक नहीं हो सका पूरा
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहपुर। डुमरियागंज नगर पंचायत में नागरिकों को शुद्ध पेयजल मुहैया कराने के लिए बन रहा वाटर हेड टैंक छह साल में पूरा नहीं हो पाया। छह करोड़ रुपये खर्च कर दिए गए, लेकिन अभी तक घरों तक पानी नहीं पहुंचा है। टंकी बनकर तैयार है, लेकिन सप्लाई का इंतजार है। इससे कस्बे के लोगों में आक्रोश है।
डुमरियागंज में हर घर में शुद्ध पेयजल मुहैया कराने के लिए वर्ष 2015-16 में प्रधानमंत्री हर घर नल योजना के लिए जल निगम ने छह करोड़ 50 लाख रुपये का टेंडर करवाया था। निर्माण कार्य दो साल के अंदर पूरा करना था। पहले चरण में इसी साल करीब एक करोड़ रुपये का भुगतान हुआ। काम भी तेजी से हुआ। नगर सहित शाहपुर, बनगंवा और औसानपुर में पानी की टंकी बन गई। इस बीच वर्ष 2019-20 में फिर एक करोड़ रुपये का भुगतान हुआ। काम शुरू रहा, वाटर सप्लाई का पाइप भी डालना शुरू हुआ, मगर योजना पूरा नहीं हो सकी। इसके बाद काम की रफ्तार सुस्त हो गई। घरों तक पानी नहीं पहुंच पाया। नगर के सुरेश यादव, पंचम, बलराम यादव, जगराम, प्रेम आदि ने बताया कि नगर पंचायत बनने के बाद घरों में वाटर सप्लाई नहीं हो रही है, जबकि निर्माण कार्य छह साल पहले ही शुरू हुआ है।
विभागीय उदासीनता और लापरवाही के कारण हर घर नल योजना मूर्त रूप नहीं ले पा रही है। इतना ही नहीं शाहपुर से सिंगारजोत मार्ग पर स्थित नगर पंचायत क्षेत्र को वाटर सप्लाई के लिए पाइप डालने के दौरान करीब एक साल पहले खुदवाया गया था। जिससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी थी। इस बार शाहपुर-सिंगारजोत सड़क निर्माण शुरू होने के कारण हो रही खुदाई में घरों में होने वाले कनेक्शन का पाइप भी टूट रहा है। जिस कारण वाटर सप्लाई का काम फिर से बाधित होने की संभावना दिख रही है। लोगों ने वाटर सप्लाई का काम पूरा करवाने की मांग की है।
बोले ठेकेदार, बजट के अभाव में काम प्रभावित
ठेकेदार संजय सिंह राजपूत ने बताया कि भुगतान में देरी के कारण काम बंद हो गया है। वाटर सप्लाई का नगर पंचायत क्षेत्र में करीब 80 फीसदी काम पूरा हो गया है। मगर वर्ष 2020-21 में काम का एक करोड़ 75 लाख रुपये के बिल का भुगतान नहीं किया गया है। पानी की टंकी वाली जगहों पर पंप हाउस बनवाकर पंप लगवा दिया गया है, मगर विभाग से पर्याप्त सामान नहीं मिलने के कारण काम ठप है।
---
बोले जिम्मेदार
नगर पंचायत डुमरियागंज में दो जोन का काम पूरा कर लिया गया है। 10 से 15 दिनों में वाटर सप्लाई शुरू हो जाएगी। शाहपुर में जिस जगह सड़क निर्माण हो रहा है, सप्लाई का पाइप या कनेक्शन का पाइप टूट रही है तो वह ठेकेदार की जिम्मेदारी है। बीच रुपये नहीं आने के कारण निर्माण बंद हो गया था, मगर अब जल्द से जल्द उसे पूरा करवा लिया जाएगा।
धर्मेंद्र अधिशासी अभियंता जलनिगम सिद्धार्थनगर