लोटन। कोतवाली क्षेत्र के हरिवंशपुर चौकी अंतर्गत रामनगर रसियावल गांव के पास इंडो-नेपाल बाॅर्डर सड़क पर कूड़ा नदी के तट पर बने पुल के नीचे लगभग 300 मरी मुर्गियों के बहने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। बड़ी संख्या में मुर्गियों के मरने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है। जानकारी होने के बाद लोटन कोतवाली थानाध्यक्ष डीके सरोज ने एसडीएम व सीवीओ से बर्डफ्लू जांच कराने का पत्र लिखा है।
ग्रामीणों की सूचना के आधार पर रामनगर रसियावल के पुल के नीचे लगभग 300 मरी मुर्गियां कहां से आईं और किसने बहाईं, इसकी जानकारी में जब पुलिस जुटी तो पता चला कि अब्दुल निवासी लकड़ी थाना मोहाना ने इसे बहाया है।
विज्ञापन
पुलिस तत्काल हरकत में आई और अब्दुल को थाने लाकर कर पूछताछ की। अब्दुल ने बताया कि बस्ती जिले के ग्राम बनकटी से लगभग 600 मुर्गियों को 11 जून को लाया था।
इसमें से 300 बिक चुकी थीं, लेकिन बची मुर्गियों को ठोठरी अपने फाॅर्म में रखा। अचानक मरने से बर्ड-फ्लू बीमारी समझ यहां लाकर फेंक दिया।
एसओ के लिखे पत्र मिलने के बाद डाॅक्टरों की पांच सदस्यीय टीम डाॅ. गणेश प्रसाद सीवीओ व डॉ. राजकुमार यादव सहित मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गईं। फिलहाल मुर्गियों के मरने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है। इस बारे में स्वास्थ्य विभाग की टीम लगी हुई है और जांच कर रही है कि कहीं इससे बर्ड फ्लू तो नहीं फैला है।ी