फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मोहर्रम : हजरत इमाम हुसैन की याद में ताजियों को किया दफन

विज्ञापन
विज्ञापन
मोहर्रम : हजरत इमाम हुसैन की याद में ताजियों को किया दफन
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी
डुमरियागंज/बिस्कोहर। जिले में शुक्रवार को हजरत इमाम हुसैन और कर्बला के शहीदों की याद में मोहर्रम परंपरा के अनुसार मना। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में कोविड प्रोटोकाल के चलते ताजियों के जुलूस नहीं निकाले गए। दोपहर में कर्बला पर ताजियों को सोशल डिस्टेंसिंग के बीच ले जाकर दफनाया गया। इस दौरान हर तरफ हाय हुसैन, हाय कर्बला की सदाएं बुलंद होती रहीं। मोहर्रम को देखते हुए जगह-जगह पुलिस मुस्तैद रही।
मोहर्रम की नौवीं के मौके पर बृहस्पतिवार रात शिया बहुल हल्लौर सहित क्षेत्र के मुस्लिम बहुल इलाकों में घर-घर व इमामबाड़े स्थित चौक पर ताजिया रखकर लोगों ने सारी रात जागकर मर्सिया मजलिस और नौहा मातम किया। शुक्रवार दोपहर ताजियों को लोगों ने सिर पर उठाकर हाय हुसैन, हाय कर्बला वालों की सदा बुलंद करते हुए कर्बला पर पहुंचकर ताजियों को दफना कर नम आंखों के साथ इमाम हुसैन और कर्बला के शहीदों को खिराजे अकीदत (श्रद्धा सुमन) पेश किया।
विज्ञापन

हल्लौर सहित हटवा, जामोतीया, पिपरा, नऊंवा गांव रामभारी, अंदुआ, तिलगड़ियां, बैदौला, डुमरियागंज, भूईगवा, बेवा, वासा समेत तहसील क्षेत्र के मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में लोगों ने परंपरा के अनुसार मोहर्रम मनाया।
शुक्रवार देर रात भटगवा में हल्लौर स्थित दरगाह चौक पर अकीदतमंदों ने हजरत इमाम हुसैन की शहादत और उन पर यजीद द्वारा किए गए जुल्मों सितम को याद कर आग के शोलों पर चल कर मातम किया और आग के दहकते अंगारों को राख में तब्दील कर दिया।
बिस्कोहर प्रतिनिधि के अनुसार, नगर पंचायत बिस्कोहर के पश्चिम में गणिकाओं के मोहल्ले में ताजियादारों ने घरों में ही करीब 14 ताजिए और बुर्राक बनाए थे। आठ ताजिए 10 फीट के और शेष ताजिए और बुर्राक तीन से पांच फीट के बनाए गए थे। इससे पूर्व हर वर्ष 15 से 20 फुट ऊंचाई के ताजिये बनाए जाते थे। चौकियों पर ताजिये रखकर सादगी से फातिहा और सेहराबंदी की रस्में अदा की गईं। शुक्रवार को बिना जुलूस निकाले और सोशल डिस्टेंसिग का पालन करते हुए बिस्कोहर, दलपतपुर कर्बला पर पहुंचकर ताजियों को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
प्रभारी निरीक्षक त्रिलोकपुर रणधीर कुमार मिश्रा के नेतृत्व में चौकी इंचार्ज बिस्कोहर राजेश कुमार शुक्ला मय हमराही रवि प्रताप उपाध्याय, उमेश मिश्रा, राहुल आदि के साथ मोहल्ले में मौजूद रहे। त्रिलोकपुर प्रतिनिधि के मुताबिक, थाना क्षेत्र के कर्बला खंता में बाढ़ से जलभराव होने के बावजूद तजियादारों ने कर्बला पर ताजियों को दफनाया।
विज्ञापन

मुस्तैद रही पुलिस
मोहर्रम को शांतिपूर्ण और कोरोना प्रोटोकॉल के पालन के बीच संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे। एसडीएम त्रिभुवन कुमार, सीओ अजय श्रीवास्तव के नेतृत्व में डुमरियागंज सर्किल के सभी थानों के थानेदार पुलिस और पीएसी के जवानों के साथ क्षेत्र भ्रमण करते रहे। कर्बला पर भी पुलिस मुस्तैद रही। हल्लौर कर्बला पर डुमरियागंज कोतवाल शैलेश सिंह, एसआई दद्दन राय, भवानीगंज थानाध्यक्ष अंजनी राय, पथरा बाजार थानाध्यक्ष सर्वेश राय अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित कर्बला पर मुस्तैद रहकर ताजियों को शांतिपूर्ण माहौल में दफन करवाने और मोहर्रम को शांतिपूर्ण संपन्न कराने में अपनी भूमिका निभाई।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें