संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। पीएमश्री योजना के तहत जिले में मौजूद 28 राजकीय विद्यालयों का कायाकल्प करवाया जा रहा है। इससे आगामी सत्र से छात्र-छात्राओं को पुस्तकालय, लैब, डिजिटल कक्ष के साथ अन्य कई सुविधाएं मिलेंगी। इससे छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के साथ ही प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में भी सहूलियत मिलेगी।
राजकीय इंटर कॉलेज व राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में भवन निमार्ण कार्य लगभग पूरा हो गया है। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की छत टपकने से छात्राओं को बरसात में असुविधा होती थी। वहीं बरसात के समय में फील्ड में पानी भी भर जाता था, जिससे छात्राओं को कठिनाई होती है। छात्राओं की सुविधा के लिए नए कक्ष के साथ ही पुस्तकालय व लैब की व्यवस्था कराई जा रही है। फील्ड में मिट्टी डालकर उसे ऊंचा किया जा रहा है।
राजकीय इंटर कॉलेज में छात्रों को पुस्तकालय की सुविधा के साथ पढ़ाई अतिरिक्त कक्ष भी बनाए जा रहे हैं। विद्यालय में भौतिक विज्ञान व रसायन विज्ञान की लैब बनाई जा रही है, जबकि इसी के साथ ग्रामीण क्षेत्र में मौजूद राजकीय विद्यालयों का कायाकल्प किया जा रहा है।