महंगे स्मार्टफोन के बीच कवर, गार्ड और चार्जर की बढ़ी मांग
रील कल्चर से ट्राइपॉड, रिंग लाइट और वायरलेस माइक्रोफोन की बिक्री तेज
सिद्धार्थनगर। महंगे स्मार्टफोन ने लोगों की जेब पर ऐसा असर डाला है कि अब मोबाइल कम बदले जा रहे हैं लेकिन उनसे जुड़ी एक्सेसरीज का बाजार तेजी से फल-फूल रहा है। नौगढ़, तेतरी बाजार, बांसी, शोहरतगढ़ और इटवा के बाजारों में कवर, टेंपर्ड ग्लास, ईयरबड्स, फास्ट चार्जर और रील बनाने वाले उपकरणों की मांग लगातार बढ़ रही है। हालात यह हैं कि कई ग्राहक नया मोबाइल खरीदने से पहले उसके कवर और सुरक्षा उपकरणों पर खर्च करने को प्राथमिकता दे रहे हैं।
मोबाइल कारोबारियों के अनुसार कुछ साल पहले तक एक्सेसरीज की खरीदारी सीमित थी लेकिन अब लगभग हर ग्राहक मोबाइल के साथ स्क्रीन गार्ड, कवर और चार्जर भी खरीद रहा है। महंगे स्मार्टफोन की सुरक्षा को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ी है। यही वजह है कि 15 से 30 हजार रुपये तक के मोबाइल खरीदने वाले ग्राहक सबसे पहले टेंपर्ड ग्लास और बैक कवर लगवा रहे हैं।
बाजार में सबसे ज्यादा मांग फास्ट चार्जर, डाटा केबल और वायरलेस ईयरबड्स की है। ऑनलाइन पढ़ाई, डिजिटल भुगतान, सोशल मीडिया और वीडियो कंटेंट देखने की बढ़ती आदतों ने इन उत्पादों की जरूरत बढ़ा दी है। वहीं, युवाओं में डिजाइनर कवर और कैमरा प्रोटेक्टर का चलन तेजी से बढ़ा है।
कारोबारियों का कहना है कि सोशल मीडिया ने एक्सेसरीज के बाजार को नई दिशा दी है। इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर रील बनाने वाले युवाओं के कारण ट्राइपॉड, रिंग लाइट, सेल्फी स्टिक और वायरलेस माइक्रोफोन जैसे उत्पादों की बिक्री पहले के मुकाबले कई गुना बढ़ी है। पहले जिन सामानों की मांग केवल बड़े शहरों तक सीमित थी, वे अब जिले के बाजारों में भी आसानी से उपलब्ध हैं।
जानकारों का कहना है कि हालांकि बढ़ते कारोबार के साथ गुणवत्ता का सवाल भी खड़ा हो रहा है। कम कीमत के कारण कई ग्राहक बिना मानक वाले चार्जर और डेटा केबल खरीद लेते हैं। इससे मोबाइल की बैटरी खराब होने और उपकरणों को नुकसान पहुंचने का खतरा बना रहता है। दुकानदारों का कहना है कि ग्राहक अब ब्रांडेड और गुणवत्ता वाले उत्पादों की ओर भी ध्यान देने लगे हैं।
व्यापारियों के मुताबिक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की मौजूदगी के बावजूद स्थानीय बाजारों में ग्राहकों की भीड़ बनी हुई है। सामान को देखकर खरीदने और खराब होने पर तुरंत बदलवाने की सुविधा स्थानीय दुकानों की सबसे बड़ी ताकत है। यही कारण है कि मोबाइल की बिक्री भले स्थिर हो, लेकिन एक्सेसरीज का कारोबार लगातार रफ्तार पकड़ रहा है।
-
रील बनाने वाले युवाओं के कारण ट्राइपॉड, रिंग लाइट और वायरलेस माइक्रोफोन की मांग बढ़ी है। अब एक्सेसरीज कारोबार का बड़ा हिस्सा बन चुकी हैं।
- जितेंद्र कुमार, दुकानदार
मोबाइल जल्दी नहीं बदलते हैं। इसलिए समय-समय पर कवर और दूसरी एक्सेसरीज बदल लेते हैं, जिससे फोन नया और आकर्षक लगता है।
- सुनील कुमार, ग्राहक
-
रील बनाने वालों ने बढ़ाई बिक्री
सर्विलांस के जानकर बताते हैं कि मोबाइल अब केवल बातचीत का साधन नहीं रह गया है। सोशल मीडिया पर रील और वीडियो बनाने के बढ़ते चलन ने कई नई एक्सेसरीज की मांग पैदा कर दी है। ट्राइपॉड, रिंग लाइट, वायरलेस माइक्रोफोन, सेल्फी स्टिक और ब्लू टूथ रिमोट जैसे उत्पाद अब छोटे बाजारों में भी तेजी से बिक रहे हैं। दुकानदारों के अनुसार युवा वर्ग इस बदलाव की सबसे बड़ी वजह है।