: शोहरतगढ़ विधायक के शिकायत के विरोध में एकत्रित ठेकेदारों ने किया प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा के पीडब्ल्यूडी के प्रमुख सचिव को दिए शिकायती पत्र के विरोध में रेस्ट हाउस पर एकत्रित ठेकेदारों ने प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि विधायक ने दिए शिकायती पत्र में जिस तरह का आरोप लगाया है उससे जिले का ठेकेदार वर्ग आहत है।
ठेकेदारों ने कहा कि बिना टेंडर प्रक्रिया पूरी हुए ही विधायक का इस तरह का आरोप निराधार और बेबुनियाद है। उन्होंने विधायक विनय वर्मा के विरोध में जमकर नारेबाजी। साथ ही उनकी विधायक निधि की धनराशि अन्य कार्यदायी संस्थाओं की जगह पीडब्ल्यूडी में भेजने और उससे कराए कार्यों की जांच कराने की मांग की।
विधायक विनय वर्मा ने प्रमुख सचिव पीडब्ल्यूडी को दिए शिकायती पत्र में पीडब्ल्यूडी में स्वीकृत सड़कों की टेंडर प्रक्रिया में अनियमितता करने का आरोप लगाते हुए नए सिरे से टेंडर कराने को कहा था। साथ ही इसमें अधिकारियों एवं कुछ ठेकेदारों के बीच सांठगांठ कर टेंडर पुल कराने के आरोप लगाए थे। इससे नाराज जिले के ठेकेदार शहर के अशोक मार्ग स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस पर एकत्रित हुए और विधायक के विरोध में प्रदर्शन किया।
ठेकेदारों का आरोप था कि विधायक ने यह शिकायत कर जिले के ठेकेदार वर्ग को बदनाम और अपमानित करने का कार्य किया है। विधायक निधि की बंदरबांट करने के लिए दूसरी कार्यदायी संस्था से कार्य कराते हैं, जबकि उन्हें अगर ईमानदारी व पारदर्शिता तरीके से निर्माण कराना हो तो विधायक निधि के कार्य पीडब्ल्यूडी से कराने चाहिए और स्वयं के कार्यों की भी जांच करानी चाहिए।
विरोध प्रदर्शन में आदर्श पूर्वांचल ठेकेदार समिति के अध्यक्ष सूर्यप्रकाश चौबे, फतेबहादुर सिंह, संतोष पोद्दार, डब्लू पांडेय, मनोज सिंह, कुलदीप द्विवेदी, मुन्ना गुप्ता, अजीत सिंह, विनोद, इरशाद भ्रमर, रमापति पांडेय, टाइगर सिंह, राजन सिंह, राजू पांडेय, गल्लर सिंह, अविनाश पांडेय आदि शामिल रहे।