शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा ने एसपी को भेजा शिकायती पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा ने पुलिस अधीक्षक अभिषेक अग्रवाल को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि स्थानीय पुलिस के संरक्षण में शोहरतगढ़ क्षेत्र में अवैध खनन कराया जा रहा है। उन्होंने एक माह से हो रहे अवैध खनन को रोकने के साथ ही सभी जिम्मेदार अधिकारियों से इससे हुई राजस्व हानि की वसूली करने के लिए कहा है।
विधायक ने एसपी को दिए पत्र में कहा है कि उनके विधानसभा क्षेत्र के शोहरतगढ़ थानाक्षेत्र के खड़कुईयां नानकार में बानगंगा नदी से बालू खनन एक अक्तूबर से ही हो रहा है। जबकि खनन अधिकारी ने बताया कि पहली नवंबर से खड़कुईयां नानकार में बालू खनन शुरू किया जाना है। खनन अधिकारी की बात से यह प्रतीत हो रहा है कि एक माह से वहां हो रहा खनन कार्य अवैध तरीके से शोहरतगढ़ पुलिस की देखरेख में किया जा रहा है।
ऐसा लग रहा है कि शोहरतगढ़ एसएचओ का स्थानांतरण हो चुका है, इसलिए वह इन अवैध कार्यों को तेजी से करवाने का प्रयास कर रहे हैं। बिना नंबर प्लेट लगे ट्रकों से ओवरलोड बालू लादकर ले जाया जा रहा है। इसमें आरटीओ विभाग की भी मिलीभगत साफ दिखाई दे रही है। एक माह से दिनदहाड़े हो रहे इस अवैध खनन के कार्य से सरकार को राजस्व का भारी नुक़सान भी हो रहा है।
उन्होंने शोहरतगढ़ एसएचओ पंकज कुमार पांडेय को तत्काल शोहरतगढ़ से हटाए जाने और शोहरतगढ़ क्षेत्र के खड़कुइयां नानकार में हो रहे अवैध बालू खनन को सख्ती से रोकने के लिए कहा है। विधायक विनय वर्मा ने कहा कि एक माह से हो रहे अवैध खनन से हुए सरकारी राजस्व के नुकसान की भरपाई इस अवैध कार्य में संलिप्त सभी जिम्मेदार अधिकारियों से ही की जाए।