ननिहाल से लापता बच्ची का मिला शव
सदर थानाक्षेत्र के महदेवा खुर्द गांव के काकोरी टोले की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। मौसी की शादी में शामिल होने ननिहाल आई सात वर्षीय बच्ची मंगलवार की रात लापता हो गई थी। शनिवार सुबह घर से थोड़ी दूर नाली के पास उसका शव मिला है। सूचना पुलिस मौके पर पहुंच गई।
नेपाल के रूपनदेही जिले के लुंबिनी थानाक्षेत्र के मोहसड़ गांव निवासी अतीउल्लाह की बेटी सैय्यदा परवीन (7) एक सप्ताह पहले सदर थानाक्षेत्र के काकोरी गांव निवासी नाना इकबाल अहमद के घर आई थी। मंगलवार शाम पांच बजे वह घर खेलने को कहकर निकली, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने देर रात तक खोजबीन की लेकिन वह नहीं मिली। सुबह नमाज पढ़ने जा रहे ग्रामीणों को रास्ते में नाली के पास उसका शव दिखाई दिया। जिसकी जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को सूचित किया। एसओ सदर छत्रपाल सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है रिपोर्ट मिलने और पीड़ित पक्ष के तहरीर के आधार पर जांचकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।