लेखपाल की तहरीर पर पूर्व प्रधान पर प्राथमिकी दर्ज
भिटौली। स्थानीय थाना क्षेत्र के सिसवां मुंशी में आईजीआरएस शिकायत की जांच के दौरान राजस्व टीम के साथ अभद्रता का मामला सामने आया है। आरोप है कि सरकारी कार्य में बाधा डालकर जान से मारने की धमकी भी दी गई। मामले में लेखपाल की तहरीर पर शुक्रवार को पुलिस ने गांव के पूर्व प्रधान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
शिकायत के अनुसार, राजस्व कर्मचारी ऋषिकेश शर्मा अपने सहयोगी अनिल कुमार मिश्रा के साथ आईजीआरएस शिकायत की जांच करने के लिए बृहस्पतिवार को ग्राम सभा सिसवा मुंशी गए थे। जांच के दौरान सरकारी खाते की जमीन पर अवैध अतिक्रमण पाया गया। आरोप है कि मौके पर मौजूद पूर्व प्रधान उमाशंकर चौधरी ने अवैध निर्माण खुद कराने की बात स्वीकार की।
राजस्व कर्मचारियों का आरोप है कि दोनों पक्षों को समझाने के दौरान पूर्व प्रधान उमाशंकर चौधरी आगबबूला हो गए और गाली-गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी, जिससे सरकारी कार्य बाधित हुआ। इसके बाद राजस्व टीम वहां से लौट आई।
घटना के संबंध में राजस्व कर्मचारियों की तहरीर पर भिटौली पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा, धमकी तथा अन्य सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है। एसओ सत्येंद्र राय ने बताया कि मामले में लेखपाल की तहरीर पर आरोपी पूर्व प्रधान उमाशंकर चौधरी पर प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।