शहर के साड़ी तिराहे पर ई-रिक्शा चला रहे नाबालिग।
सिद्धार्थनगर। शहर में जिधर देखिए, उधर आसानी से ई-रिक्शा की स्टेयरिंग घुमाते हुए नाबालिग दिख जाएंगे, जबकि रेलवे स्टेशन रोड पर ई-रिक्शा ही जाम के कारण बन रहे हैं। पुलिस के अनुसार शहर में करीब 2500 ई-रिक्शा संचालित हो रहे हैं, लेकिन नियमों का पालन नहीं हो पा रहा है। अब यातायात पुलिस ने जागरूक करने की पहल शुरू की है।
शहर की सड़कों पर बिना नंबर प्लेट के ई-रिक्शा और उसे लापरवाही पूर्वक चलाते हुए बिना लाइसेंस वाले नाबालिग चालक दिख रहे हैं। स्थिति ऐसी हो गई है कि नाबालिगों को चालक सीट पर बैठे हुए देखकर लोग उनमें सवार होने से कतराने लगे हैं। शहर के रेलवे स्टेशन रोड पर सोमवार शाम जाम की स्थिति बनी तो ई-रिक्शा के कारण अन्य वाहन भी रेंगने लगे। इसी प्रकार हाईडिल तिराहे पर भी दोपहर में ई-रिक्शा वालों की धमाचौकड़ी दिखी।
शहर की शिक्षिका सीमा पांडेय ने बताया कि ई-रिक्शा पलटने के कारण लोग चोटिल हो रहे हैं। ई-रिक्शा से बेरोजगारों को रोजगार मिलना चाहिए, लेकिन जानलेवा लापरवाही नहीं होनी चाहिए। ई-रिक्शा छोटी गाड़ी है, लेकिन नियमित जांच होनी चाहिए।
शहर की सभी सड़कों पर ई-रिक्शा चला रहे नाबालिग चालकों को पुलिस ने चौराहों पर रोक कर जागरूक किया। एसओ सदर संतोष कुमार तिवारी ने बताया कि ई- रिक्शा चालकों को जागरूक किया जा रहा है कि वे नियम विरुद्ध तरीके से ई-रिक्शा चलाने वालों को जागरूक किया जा रहा है।
चालान भी किया जा रहा है ताकि यातायात व्यवस्था में सुधार हो। पुलिस ने शहर के खजुरिया रोड, सिद्धार्थ तिराहा, हाईडिल तिराहा, सांडी तिराहा और पेट्रोल पंप के पास तिराहे पर नाबालिग ई-रिक्शा चालकों को रोक कर जागरूक किया।