व्यवहार में अचानक बदलाव, चिड़चिड़ापन या गुमसुम रहना खतरे का संकेत, मनोचिकित्सक से लें सलाह
सिद्धार्थनगर। सर्दियों में मौसम बदलने के साथ कुछ लोगों में मानसिक उदासी और अवसाद की समस्या बढ़ने लगती है। परिवार के किसी सदस्य या परिचित के व्यवहार में अचानक बदलाव दिखे, वह गुमसुम रहने लगे, जरूरत से ज्यादा बोलने लगे या निराशा भरी बातें करने लगे तो इसे सामान्य बदलाव समझकर नजरअंदाज न करें।
यह मौसमी अवसाद के लक्षण हो सकते हैं। खासकर युवाओं और नशे की गिरफ्त में रहने वाले लोगों को अधिक सतर्क रहने की जरूरत है। माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज के मानसिक रोग विभाग की ओपीडी में ऐसे दो से तीन मरीज पहुंच रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, समय पर पहचान और उपचार नहीं मिलने पर समस्या गंभीर रूप ले सकती है। कुछ मामलों में व्यक्ति के मन में आत्महत्या के विचार भी आ सकते हैं।
मेडिकल कॉलेज के मानसिक रोग विभाग की ओपीडी में मानसिक उलझन, नशे की लत, अचानक जीवनशैली में बदलाव और बार-बार डरने जैसी शिकायतों वाले मरीज पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों के अनुसार, सर्दी शुरू होने के साथ कुछ मरीजों के व्यवहार में बदलाव देखने को मिल रहा है। कोई अचानक अधिक बोलने लगता है तो कोई गुमसुम रहने लगता है। उनके खानपान, सोने और जागने के समय में भी बदलाव आने लगता है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, इसे मौसमी अवसाद (सीजनल अफेक्टिव डिसऑर्डर) कहा जाता है। यह एक प्रकार का अवसाद है, जो मौसम में बदलाव के साथ उभर सकता है। आमतौर पर पतझड़ और सर्दियों में इसके लक्षण बढ़ते हैं और वसंत तथा गर्मियों में इनमें कमी आने लगती है। सर्दियों में दिन छोटे होने और धूप कम मिलने से शरीर में सेरोटोनिन और मेलाटोनिन जैसे रसायनों का संतुलन प्रभावित हो सकता है। इससे मनोदशा और नींद पर असर पड़ता है।
-
ये लक्षण दिखें तो रहें सतर्क
लगातार उदासी: बिना किसी स्पष्ट कारण के मन भारी रहना और निराशा महसूस होना।
ऊर्जा की कमी: हर समय थकान और कमजोरी महसूस करना।
अधिक नींद: सामान्य से ज्यादा सोने के बाद भी तरोताजा महसूस नहीं करना।
खानपान में बदलाव: मीठी और कार्बोहाइड्रेट युक्त चीजें खाने की इच्छा बढ़ना।
सामाजिक दूरी: दोस्तों और परिवार से दूरी बनाना तथा गतिविधियों में रुचि खत्म होना।
एकाग्रता में कमी: पढ़ाई, नौकरी और रोजमर्रा के कामों में ध्यान लगाने में परेशानी होना।
-
दिनचर्या से करें बचाव
धूप लें : सुबह की हल्की धूप में 20 से 30 मिनट समय बिताएं। घर और कार्यस्थल पर प्राकृतिक रोशनी आने दें।
व्यायाम करें : नियमित योग, टहलना और हल्की कसरत करें। इससे मनोदशा बेहतर रखने में मदद मिलती है।
संतुलित भोजन करें : जंक फूड और अधिक मीठी चीजों से बचें। भोजन में फल, हरी सब्जियां, अखरोट और अलसी जैसे पौष्टिक खाद्य पदार्थ शामिल करें।
सामाजिक संपर्क बनाए रखें : परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताएं। अपनी परेशानियों और भावनाओं को साझा करें।
नियमित दिनचर्या अपनाएं : सोने और जागने का समय निर्धारित रखें। पर्याप्त नींद लें और दिनभर सक्रिय रहने का प्रयास करें।
समय पर इलाज से संभव है सुधार
माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज के मानसिक रोग विभाग के सहायक आचार्य डॉ. मोहम्मद अफजल खान ने बताया कि यदि उदासी और व्यवहार में बदलाव का असर व्यक्ति की दिनचर्या, नौकरी या पारिवारिक संबंधों पर पड़ने लगे तो मनोचिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए। मौसमी अवसाद का उपचार लाइट थेरेपी, काउंसिलिंग और जरूरत पड़ने पर दवाओं से किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मानसिक परेशानी को कमजोरी नहीं समझना चाहिए। समय पर पहचान और उपचार से इसमें सुधार संभव है। आत्महत्या से जुड़े विचार आने पर व्यक्ति को अकेला न छोड़ें और तत्काल चिकित्सकीय सहायता दिलाएं।